1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update: भीषण गर्मी का यलो अलर्ट, कई राज्यों में हीटवेव की स्थिति, जानिए मौसम का हाल

Weather Update: भीषण गर्मी का यलो अलर्ट, कई राज्यों में हीटवेव की स्थिति, जानिए मौसम का हाल

 Published : Apr 28, 2022 07:52 am IST,  Updated : Apr 28, 2022 03:02 pm IST

श के अधिकांश इलाकों में भीषण गर्मी से हाल बेहाल हैं। कई राज्य लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि आगामी दिनों में दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Weather Update:- India TV Hindi
Weather Update: Image Source : FILE PHOTO

Weather Update: देश के अधिकांश इलाकों में भीषण गर्मी से हाल बेहाल हैं। कई राज्य लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि आगामी दिनों में दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली—एनसीआर के कुछ इलाकों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच चुका है। 

उत्तर पश्चिम भारत में भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में बुधवार को पारा 40 के पार पहुंचा। दिनभर गर्म हवाओं का कारण लोगों का बुरा हाल रहा। दिल्ली के कुछ इलाकों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए भीषण गर्मी पड़ने के साथ लू चलने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को देश के बड़े हिस्से में कम से कम अगले पांच दिनों तक लू चलने की संभावना जताई है, इसके साथ ही दिल्ली में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 

1 मई से गिरेगा तापमान

आईएमडी ने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान पूर्व, मध्य और उत्तर पश्चिम भारत में हीटवेव की स्थिति रहेगी। आईएमडी के अनुसार उत्तर भारत में 29 अप्रैल को धूल भरी आंधी की संभावना है। इसके बाद एक मई से तापमान में गिरावट आएगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 41.5 व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 14 से 68 फीसदी रहा। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म इलाका दर्ज किया गया है। इसके अलावा पीतमपुरा (43.6 डिग्री सेल्सियस) और मुंगेशपुर (44.1 डिग्री सेल्सियस) के साथ गर्मी की चपेट में रहा। वहीं, नजफगढ़ 43.7 डिग्री सेल्सियस पारा रहा।

अप्रैल में किस साल कितना रहा तापमान?

राजधानी में 21 अप्रैल 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 29 अप्रैल, 1941 को महीने का सर्वकालिक उच्च अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस साल अप्रैल में आठ लू वाले दिन दर्ज किए गए हैं, जो 2010 में महीने में देखे गए ऐसे 11 दिनों के बाद से सबसे अधिक हैं। 

हल्की बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना

विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली में शुक्रवार और रविवार को 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है, जिससे अस्थायी राहत मिल सकती है।

बिहार: पटना में लू से जनजीवन प्रभावित

पटना स्थि​त IMD के वैज्ञानिक आनंद शंकर का कहना है कि बिहार की राजधानी पटना में बढ़ती गर्मी और लू से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग गर्मी से हम बहुत ज़्यादा परेशान है। गर्मी के साथ लू भी बहुत ज़्यादा चल रही है। लोग सावधानी के साथ बाहर निकल रहे हैं। वहीं दक्षिण बिहार में तापमान 40 डिग्री के आसपास है। उत्तर बिहार में लोगों को थोड़ी राहत मिली है। अगले 3 दिन तक ज़्यादा गर्मी दक्षिण, पश्चिम बिहार के ज़िलों में रहने की उम्मीद है। 3 दिन के बाद से तापमान में 3 डिग्री तक की कमी होने की उम्मीद है।

इन राज्यों में हीटवेव के हालात बनेंगे

आईएमडी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार में अलग-अलग इलाकों में हीटवेव की स्थिति की संभावना है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंतरिक ओडिशा और गुजरात राज्य के उत्तरी भाग में भी ऐसे ही हालात रह सकते हैं। अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत