1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कौन हैं डीएम आर्यका अखौरी जो मुख्तार के भाई अफजाल से भिड़ गईं? बिहार से है नाता

कौन हैं डीएम आर्यका अखौरी जो मुख्तार के भाई अफजाल से भिड़ गईं? बिहार से है नाता

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Mar 31, 2024 09:52 am IST,  Updated : Mar 31, 2024 10:57 am IST

मुख्तार अंसारी की अंतिम क्रिया के दौरान अत्यधिक भीड़ होने के कारण गाजीपुर की डीएम आर्यका अखौरी और अफजाल अंसारी के बीच तीखी बहस हुई थी। अब गाजीपुर की डीएम चर्चा में बनी हुई हैं।

डीएम आर्यका अखौरी और अफजाल में तनातनी।- India TV Hindi
डीएम आर्यका अखौरी और अफजाल में तनातनी। Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के कुख्यात माफिया और बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी की बीते गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। शनिवार को गाजीपुर में स्थित मुख्तार के पैतृक गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि, इस दौरान ज्यादा भीड़ होने के कारण मुख्तार के भाई अफजाल अंसारी और गाजीपुर की डीएम आर्यका अखौरी के बीच तीखी बहस भी हो गई। इस बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से लोग डीएम आर्यका अखौरी की चर्चा कर रहे हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में कुछ खास बातें।

क्यों हुई अफजाल और डीएम के बीच बहस?

ये बहस तब हुई, जब जिला प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया और कुछ लोगों को मुख्तार अंसारी की कब्र पर मिट्टी देने के लिए कब्रिस्तान में प्रवेश करने से रोक दिया। जिलाधिकारी ने जिले में धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए पूछा कि क्या इसके लिये कोई अनुमति ली गई है? अफजाल अंसारी ने कहा कि ‘‘आप किसी को मिट्टी देने से नहीं रोक सकती हैं। डीएम ने आगे कहा कि अंतिम संस्कार की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

जानें आर्यका अखौरी के बारे में

साल 2022 में आर्यका अखौरी को गाजीपुर जिले के डीएम पद की जिम्मेदारी दी गई थी। आपको बता दें कि 2022 के सितंबर महीने में यूपी सरकार ने देर रात IAS अधिकारियों का तबादला किया था। इसी समय आर्यका अखौरी को गाजीपुर जिले के जिलाधिकारी पद की जिम्मेदारी मिली थी। IAS के तौर पर ये उनका दूसरा जिला था। इससे पहले वह भदोही की जिलाधिकारी थी। 

पटना की रहने वाली हैं आर्यका

गाजीपुर की जिलाधिकारी आर्यका अखौरी मूल रूप से पटना की रहने वाली हैं। उनका जन्म 14 दिसंबर, 1985 को हुआ था। आर्यका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बिहार और उच्च शिक्षा दिल्ली से हासिल की है। उन्होंने एमएससी (बायोटेक) की पढ़ाई की है। वह मेरठ और वाराणसी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व सीडीओ के पद पर भी सेवा दे चुकी हैं। वर्तमान में उनकी गिनती यूपी के सबसे तेज तर्रार अधिकारियों में होती है।

जींस पर लगाया था बैन

आर्यका अखौरी भदोही के डीएम पद पर रहते हुए टी-शर्ट और जींस पर बैन लगाने को लेकर भी चर्चा में आई थीं। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने ड्यूटी के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के टी-शर्ट और जींस पैंट पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया था। उन्होंने अधिकारियों को इस आदेश का पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।  

ये भी पढ़ें- मुख्तार अंसारी के अंतिम संस्कार में पत्नी अफसा की मौजूदगी पर संशय, 'लेडी डॉन' पर है पुलिस की नजर

Video: मुख्तार के अंतिम संस्कार में अफजाल और DM के बीच हुई तीखी बहस, कहा- '...किसी परमिशन की जरूरत नहीं'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत