1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अचानक केरल क्यों पहुंचे ट्रंप के दामाद माइकल बूलोस? पूरे राज्य में हो रही है भारी मानसूनी बारिश

अचानक केरल क्यों पहुंचे ट्रंप के दामाद माइकल बूलोस? पूरे राज्य में हो रही है भारी मानसूनी बारिश

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 08, 2026 06:55 pm IST,  Updated : Aug 08, 2026 06:55 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और कारोबारी माइकल बूलोस ने भारी मानसूनी बारिश के बीच केरल के अलप्पुझा का अचानक दौरा किया और हाउसबोट से प्रसिद्ध बैकवॉटर का आनंद लिया। उनका दौरा आगामी नेहरू ट्रॉफी बोट रेस से पहले हुआ है, जिससे अलप्पुझा के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय चर्चा मिली है।

Michael Boulos Kerala Visit, Michael Boulos Alappuzha- India TV Hindi
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और ट्रंप के दामाद माइकल बूलोस। Image Source : X.COM/USAMBINDIA

Highlights

  • भारी बारिश के बीच ट्रंप के दामाद माइकल बूलोस ने अलप्पुझा में हाउसबोट की सवारी की।
  • अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर बोलोस का भारत में स्वागत किया।
  • 22 अगस्त को अलप्पुझा में मशहूर नेहरू ट्रॉफी बोट रेस का आयोजन किया जाएगा।

अलप्पुझा: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और कारोबारी माइकल बूलोस ने शनिवार को केरल के अलप्पुझा का अचानक दौरा किया। उन्होंने भारी मानसूनी बारिश के बीच यहां की मशहूर बैकवॉटर यात्रा का आनंद लिया और हाउसबोट पर सैर की। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बूलोस का भारत में स्वागत करते हुए X पर लिखा, 'भारत में आपका फिर से स्वागत है @MichaelZBoulos! अपने दोस्त के साथ केरल में मुलाकात करके मैं बहुत खुश हूं।' बता दें कि इससे पहले बूलोस अपनी पत्नी के साथ दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर भी आए थे

तेज बारिश के बीच बैकवॉटर का लिया आनंद

अलप्पुझा में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके बावजूद बूलोस ने यहां के मशहूर बैकवॉटर इलाके में समय बिताया और हाउसबोट से आसपास के प्राकृतिक नजारों का आनंद लिया। उनके अचानक पहुंचने की खबर से अलप्पुझा में लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। अलप्पुझा को अक्सर ‘पूर्व का वेनिस’ कहा जाता है। यह इलाका अपने बड़े बैकवॉटर नेटवर्क, नहरों और पारंपरिक हाउसबोट के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। बूलोस की मौजूदगी ने इस पर्यटन स्थल को शनिवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में ला दिया।

22 अगस्त को होगी नेहरू ट्रॉफी बोट रेस

माइकल बूलोस का अलप्पुझा दौरा ऐसे समय हुआ है, जब यहां जल्द ही केरल के सबसे प्रमुख सांस्कृतिक और खेल आयोजनों में से एक नेहरू ट्रॉफी बोट रेस होने वाली है। नावों की यह मशहूर रेस 22 अगस्त को आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का नाम भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम पर रखा गया है। नेहरू का भी अलप्पुझा से खास संबंध रहा है। 1952 में अलप्पुझा की यात्रा के दौरान उन्होंने एक स्नेक बोट में सवारी की थी। इसके बाद नई दिल्ली लौटने पर उन्होंने इस तरह की आधिकारिक नाव प्रतियोगिता शुरू करने के लिए एक ट्रॉफी की स्थापना की थी।

ट्रंप की किस बेटी के पति हैं माइकल बूलोस?

माइकल बूलोस का जन्म अमेरिका के ह्यूस्टन में हुआ था और उनका पालन-पोषण लागोस में हुआ। वह एक कारोबारी हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप के पति हैं। माइकल बूलोस और टिफनी ट्रंप की शादी 2022 में हुई थी। मई 2025 में दोनों के पहले बच्चे का जन्म हुआ। अलप्पुझा में बूलोस का यह दौरा खास तौर पर इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि उन्होंने भारी बारिश के बावजूद केरल के प्रसिद्ध बैकवॉटर और हाउसबोट का अनुभव लिया। नेहरू ट्रॉफी बोट रेस से कुछ ही दिन पहले हुए इस दौरे ने अलप्पुझा के पर्यटन और आने वाले नाव उत्सव को लेकर अंतरराष्ट्रीय ध्यान भी खींचा है।

ये भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू... भारत में अमेरिकी राष्ट्रपति के नाम पर रखा गया सड़क का नाम, जानिए क्या है खास वजह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत