1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बेंगलुरु में कर्मचारी को अपने घर के अंदर देख भड़का मालिक, बेटी के साथ अफेयर का पता लगा तो पीट-पीटकर मार डाला

बेंगलुरु में कर्मचारी को अपने घर के अंदर देख भड़का मालिक, बेटी के साथ अफेयर का पता लगा तो पीट-पीटकर मार डाला

 Reported By: T Raghavan,  Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Nov 05, 2026 07:34 am IST,  Updated : Nov 05, 2026 07:34 am IST

बेंगलुरु में एक मालिक पर आरोप हैं कि उसने अपने कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मिली जानकारी के मुताबिक, मालिक को हाल ही में पता लगा था कि उसकी 19 साल की बेटी का अफेयर उसके कर्मचारी से चल रहा है।

Bengaluru- India TV Hindi
बेंगलुरु में कर्मचारी को अपने घर के अंदर देख भड़का मालिक Image Source : REPORTER INPUT

बेंगलुरु: बेंगलुरु के येलाहंका में, मंगलवार को केरल के एक 22 वर्षीय युवक की उसके मालिक के घर पर कथित मारपीट के बाद मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में 45 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का केस दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?

मृतक लड़के की पहचान किरण के रूप में हुई है। वह केरल के पालक्काड़ जिले के तिरुवेगापुरा का रहने वाला था। वहीं आरोपी एक 45 साल का शख्स है, जो मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है और उत्तरी बेंगलुरु में स्वीट कॉर्न बनाने वाली मशीनें और गाड़ियां बनाने का काम करता है।

मिली जानकारी के मुताबिक, किरण अपने भाई के साथ बीते कुछ सालों से आरोपी के यहां काम करता था। लेकिन हालही में आरोपी को इस बात की भनक लग गई थी कि उसकी 19 साल की बेटी के साथ, किरण का अफेयर है। उसकी बेटी पास के एक शहर में पढ़ाई करती है और छुट्टियों में घर आई हुई थी।

मंगलवार सुबह, आरोपी और उसकी पत्नी अपनी बेटी को यह बताकर घर से निकल गए कि वे दिन भर बाहर रहेंगे। पुलिस के मुताबिक, कुछ घंटों बाद जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने किरण को येलाहंका स्थित अपने घर के एक कमरे में पाया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद बेटी को चिक्काबल्लापुर में एक रिश्तेदार के घर भेज दिया गया, जबकि किरण घर पर ही रह गया।

पुलिस का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने किरण के साथ मारपीट की, जिससे उसे कई चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी।

शुरुआती जांच से पता चलता है कि आरोपी ने किरण की हत्या करने की योजना बनाई  थी। हत्या को अंजाम देने से पहले आरोपी ने किरण के भाई को भी एक सप्ताह के लिए काम के सिलसिले में बेंगलुरु से बाहर भेज दिया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या अपराध के समय वहां कोई और भी मौजूद था। येलहंका पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

इससे पहले खबर सामने आई थी कि दोस्त की हत्या के बाद 20 दिन तक आरोपी सो नहीं पाया था। उसके सपने में मृतक आता था, इसके बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर जुर्म कबूला था।

ये भी पढें-

सूरत में इंसानियत शर्मसार! मीट काटने वाले छुरे से दोस्त की हत्या, धड़ कब्रिस्तान में और सिर रेलवे ट्रैक पर फेंका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।