Sunday, February 08, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. यमुनोत्री यात्रा: 9 हजार से ज्यादा तीर्थयात्रियों के पहुंचने से मचा हड़कंप, 24 घंटे के लिए लगा जाम, हालात बिगड़े

यमुनोत्री यात्रा: 9 हजार से ज्यादा तीर्थयात्रियों के पहुंचने से मचा हड़कंप, 24 घंटे के लिए लगा जाम, हालात बिगड़े

पुलिस ने हालात को देखते हुए यात्रियों से अपनी यात्रा स्थगित करने के लिए कहा था लेकिन रविवार शाम को पुलिस ने यात्रा के दोबारा संचालन की जानकारी दी। बारिश और खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

Edited By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
Published : May 13, 2024 08:18 am IST, Updated : May 13, 2024 08:18 am IST
Yamunotri Yatra - India TV Hindi
Image Source : X/@UTTARKASHIPOL यमुनोत्री यात्रा में उमड़ी भीड़

देहरादून: उत्तरकाशी के यमुनोत्री में हजारों की संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने से हालात बिगड़ गए और लंबे जाम की स्थिति बन गई है। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि यमुनोत्री के रास्ते में लगे भीषण जाम के कारण श्रद्धालुओं से अपनी यमुनोत्री यात्रा स्थगित करने की अपील करने वाली पुलिस ने रविवार शाम को यात्रा के दोबारा संचालन की सूचना दी। जबकि बारिश और खराब मौसम को देखते हुए केदारनाथ यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं से फिलहाल अनावश्यक सफर से बचने की अपील की गई है।

उत्तराखंड पुलिस का बयान आया सामने

उत्तराखंड पुलिस ने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर कहा कि यमुनोत्री यात्रा दोबारा सुचारू रूप से चल रही है। पुलिस ने कहा, 'आप यात्रा दोबारा शुरू कर सकते हैं।' पुलिस की ओर से जारी सूचना में यह भी बताया गया है कि यातायात के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए यमुनोत्री मार्ग पर पालीगाड़ से जानकीचटटी के बीच संवेदनशील व संकरे स्थानों पर यातायात को 'गेट व वन वे सिस्टम' से चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि उत्तरकाशी जिले में 10,804 फुट की उंचाई पर स्थित यमुनोत्री धाम की यात्रा अक्षय तृतीया पर शुक्रवार को ही शुरू हुई है और यमुनोत्री सहित सभी धामों में भगवान के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। इससे पहले, पुलिस ने 'एक्स' पर कहा था कि आज श्री यमुनोत्री धाम पर क्षमता के अनुसार पर्याप्त श्रद्धालु यात्रा के लिए पहुंच चुके हैं। अब और अधिक श्रद्धालुओं को भेजना जोखिम भरा है। जो भी श्रद्धालु आज यमुनोत्री यात्रा पर आने जा रहे हैं, उनसे विनम्र अपील है कि आज यमुनोत्री जी की यात्रा स्थगित करें।

यात्रा पर आए 9 हजार से अधिक तीर्थयात्री, लगा जाम

चारों धामों की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यमुनोत्री के लिए अब तक देश-विदेश के 3.97 श्रद्धालु अपना आनलाइन पंजीकरण करवा चुके हैं। यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए 9,000 से अधिक तीर्थयात्री करीब 24 घंटे बड़कोट और जानकीचट्टी के बीच जाम में फंसे रहे। 

उत्तरकाशी के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी ने खुद मौके पर जाकर मोर्चा संभाला और किसी तरह से जाम को खुलवाया। पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि शनिवार को जो जाम की स्थिति बनी थी, पुलिस ने रात भर ड्यूटी कर उसे साफ कर दिया है। 

उन्होंने कहा कि फिलहाल यातायात सामान्य है। उन्होंने कहा था कि रविवार को 9,000 तीर्थ यात्री यमुनोत्री के आधार शिविर जानकीचट्टी पहुंच चुके हैं और अब यमुनोत्री धाम में रहने के लिए बिल्कुल जगह नहीं है। 

गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति

उधर, उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी हुई है। गंगोत्री राजमार्ग पर सुक्की के पास सात मोड़ पर दोपहर बाद करीब ढाई किलोमीटर लंबा जाम लग गया जिसके कारण तीर्थयात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। 

बाद में पुलिस ने गंगनानी और सोनगाड़ से गेट सिस्टम से वाहनों को निकालकर जाम खुलवाया। हालांकि, यहां राजमार्ग के संकरा होने के कारण जाम की स्थिति बनी हुई है। बारिश और खराब मौसम को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने तीर्थयात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरने की अपील की है।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने केदारनाथ की यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं से अपील की है कि संपूर्ण रुद्रप्रयाग जिले में इस समय तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। पुलिस ने कहा, 'जिले के कुछ हिस्सों में तेज व कहीं हल्की बारिश हो रही है। रात्रि का समय निकट है, ऐसे में अनावश्यक सफर से बचें। आप जहां पर भी हैं, वहीं के निकटवर्ती स्थानों में होटल इत्यादि लेकर सुरक्षित रहें।' (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें: 

लोकसभा चुनाव 2024: यूपी में आज किन 13 सीटों पर हो रही वोटिंग? इन बड़े नेताओं की किस्मत दांव पर 

'हमें सही मायने में 2014 में आजादी मिली है', भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत का बयान

 

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement