चेन्नई: तमिलनाडु में तीन दिन पुरानी जयललिता मंत्रिमंडल का आज विस्तार किया गया तथा अन्नाद्रमुक के चार और विधायकों को मंत्री बनाया गया जिससे प्रदेशा में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 33 हो गयी। राजभवन में आज जी भास्करन, एस आर रामचंद्रन, एन कबील और पी बी रेड्डी को शपथ दिलायी गयी। राज्यपाल के रोसैया ने मुख्यमंत्री जयललिता की मौजूदगी में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।
सोमवार को जयललिता और 28 अन्य मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इस बीच मुख्यमंत्री ने विधानसभाध्यक्ष और उप विधानसभाध्यक्ष पद के लिए क्रमश: पी धनपाल तथा पी व जयरमन को नामित किया है। इन पदों के लिए तीन जून को चुनाव होने हैं।
मुख्यमंत्री ने एक बयान में दोनों विधायकों की उम्मीदवारी की घोषणा की। सदन में अन्नाद्रमुक के बहुमत को देखते हुए दोनों के निर्वाचित होने की संभावना है। धनपाल पिछली विधानसभा में भी अध्यक्ष थे जबकि जयरमन उपाध्यक्ष थे।