नई दिल्ली: जैसे-जैसे दिल्ली में केजरीवाल सरकार के दिन बढ़ते जा रहे हैं वैसै-वैसै आए दिन उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। आप नेता और पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र तोमर की फर्जी डिग्री का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि 'आप' की एक और विधायक पर फर्जी डिग्री का आरोप लग गया है।
दरअसल, पालम विधानसभा सीट से विधायक भावना गौड़ पर आरोप है कि उन्होंने 2013 और 2015 में हुए चुनावों में चुनाव आयोग को अलग-अलग हलफनामा दिया। इसको लेकर द्वारका कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। कोर्ट में मामले की सुनवाई 25 जुलाई तय भी कर दी है। हालांकि, भावना ने आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में दी गई जानकारी एकदम सही है।
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि गौड़ ने 2013 चुनाव में अपनी शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास बताई थी। लेकिन 2015 विधानसभा चुनाव के दौरान दिए हलफनामे में गौड़ ने अपनी शैक्षणिक योग्यता बीए और बीएड दर्ज की है। भावना ने खुद को दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक और हरियाणा की दयानंद यूनिवर्सिटी से बीएड पास बताया है।
याचिकाकर्ता ने सवाल उठाया है कि अगर भावना ने 2013 में 12वीं की परीक्षा पास की थी, तो आखिर दो साल में उनके पास B.A. और B.Ed. की डिग्री कैसे आ गई।
बता दें कि इसके पहले पूर्व आप नेता राजेश गर्ग ने भी भावना की डिग्री पर सवाल उठाया था, जिसके जवाब में भावना ने कहा था कि उन पर लगाए गए आरोप झूठे हैं।