अहमदाबाद: आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को कहा कि गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के इस्तीफा देने से हालात नहीं बदलेंगे क्योंकि एक कठपुतली को दूसरी से बदल दिया जाएगा। उसने कहा कि मास्टरमाइंड को बर्खास्त किया जाना चाहिए। आप प्रवक्ता आशुतोष ने कहा कि आनंदीबेन की ओर से इस्तीफे की पेशकश करना आप की गुजरात इकाई की पहली बड़ी सफलता है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, गुजरात में एक कठपुतली को दूसरी कठपुतली से बदल दिया जाएगा। यह सोचना कोरी कल्पना होगी कि नेता बदलने से राज्य में हालात बदल जाएंगे क्योंकि जब तक मास्टरमाइंड को नहीं बदला जाता तब तक कुछ नहीं बदलेगा। यह पूछे जाने पर कि मास्टरमाइंड कौन है तो उन्होंने कहा, सब जानते हैं कि मास्टरमाइंड कौन है। आप नेता ने कहा कि गुजरात में आप की बढ़ती लोकप्रियता के कारण भाजपा आनंदीबेन को हटाने के लिए विवश हुई। उन्होंने सवाल किया कि केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र पर 75 साल से उपर वाला नियम क्यों लागू नहीं होता जो 75 साल के उपर हैं।