नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी नई पार्टी बनाने को तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि 6 जून को जोगी के करीब डेढ़ हजार समर्थक एकत्रित होंगे। जोगी उनसे चर्चा करने के बाद नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं। जोगी कांग्रेस में उनको महत्व न मिलने पार्टी हाईकमान से खफा हैं।
यही नहीं जोगी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि वो लोग बड़े आदमी हैं और मैं छोटा आदमी हूं। जोगी का कहना है कि छत्तीसगढ़ में उनकी सरकार बनेगी और भूपेश बघेल, टी.एस. सिंहदेव की कांग्रेस को 10 सीट से अधिक नहीं मिलेगी।
अजीत जोगी दो बार राज्यसभा सदस्य, दो बार लोकसभा सदस्य और एक बार मुख्यमंत्री रहने के अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रह चुके हैं।
वे कांग्रेस के कितने करीबी रहे हैं इसका अंदाजा इसी बात से लग जाता है कि 2014 में चुनाव प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी ने उन पर आरोप लगाया था कि शायद अजित गांधी परिवार के राज जानते हैं तभी पार्टी उन्हें हार के बाद भी टिकट दे देती है।