नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर नोएडा आने से कन्नी काट ली। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक कार्यक्रम में यहां आना था लेकिन वह नहीं आए। बताया जा रहा है कि नोएडा को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर बैठे नेताओं के लिए मनहूस माने जाने की वजह से अखिलेश स्टैंड अप इंडिया कार्यक्रम में नहीं आए। पिछले तीन महीने में ऐसा दूसरी बार हुआ है कि मुख्यमंत्री अखिलेश किसी महत्वपूर्ण कार्यक्रम में नोएडा नहीं आए।
नोएडा के सेक्टर-62 में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मोदी ने स्टैंड अप इंडिया योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत बैंक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला उद्यमियों को 10 लाख रूपए से लेकर एक करोड़ रूपए तक का कर्ज देंगे। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक मौजूद थे, लेकिन अखिलेश नहीं आए। उनकी सरकार की नुमाइंदगी राज्य के एक कैबिनेट मंत्री ने की।
इससे पहले, 31 दिसंबर 2015 को अखिलेश दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की आधारशिला रखने के लिए आयोजित कार्यक्रम में भी नहीं आए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम में भी शिरकत की थी। राजनीतिक हलकों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के लिए नोएडा के दौरे को अपशकुन माना जाता रहा है। दलील दी जाती है कि वीर बहादुर सिंह, नारायण दत्त तिवारी, कल्याण सिंह और मायावती सहित कई नेताओं को नोएडा दौरे के तुरंत बाद मुख्यमंत्री पद गंवाना पड़ा था।
आगे की स्लाइड में पढ़िए कब हुई थी नोएडा फोबिया की शुरुआत?