1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. आज से अखिलेश की चुनावी रथ यात्रा, मुलायम सिंह दिखाएंगे हरी झंडी

आज से अखिलेश की चुनावी रथ यात्रा, मुलायम सिंह दिखाएंगे हरी झंडी

 Written By: India TV News Desk
 Published : Nov 03, 2016 09:37 am IST,  Updated : Nov 03, 2016 09:37 am IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज से बहुप्रचारित रथ यात्रा की शुरुआत करेंगे। तमाम अटकलों के बावजूद ख़बर ये है कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगें लेकिन

Akhilesh yadav's rath yatra- India TV Hindi
Akhilesh yadav's rath yatra

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज से बहुप्रचारित रथ यात्रा की शुरुआत करेंगे। तमाम अटकलों के बावजूद ख़बर ये है कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगें लेकिन अखिलेश के चाचा सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मुख्यमंत्री की विकास रथ यात्रा में शिरकत करने को लेकर अब तक अपना इरादा स्पष्ट नहीं किया है।

ये रथ यात्रा समाजवादी पार्टी में चल रही खींचातानी पर विराम लगा पाएगी या नही, इस पर संदेह अब भी बना हुआ है लेकिन इस रथ यात्रा से सपा में एकता के दावों की सच्चाई तो सामने आ ही जाएगी।

उधर, शिवपाल ने अखिलेश की रथ यात्रा में हिस्सा लेने संबंधी सवालों को टालते हुए कहा ‘मैं पांच नवंबर को सपा के रजत जयंती समारोह की तैयारियां कर रहा हूं। अगर तीन नवंबर को रथ यात्रा है तो पांच नवंबर को सपा का सिल्वर जुबली कार्यक्रम है।’ शिवपाल ने एक सवाल पर कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को समाजवाद का इतिहास पढ़ना चाहिये. पार्टी में अनुशासन होना बहुत जरूरी है. आपने 24 अक्तूबर को देखा कि जिन लोगों को बैठक में नहीं बुलाया गया था, वे भी उसमें चले आए.

रथ यात्रा की तैयारियों की अहम जिम्मेदारी सम्भाल रहे विधानपरिषद सदस्य सुनील यादव ‘साजन’ ने दावा किया कि मुलायम रथ यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और इस दौरान शिवपाल भी मौजूद रहेंगे।

इस बीच, सपा के एक नेता ने कहा कि रथ यात्रा में मुलायम की शिरकत इस बात पर निर्भर करेगी कि वह अपने पिता को मनाने में किस हद तक कामयाब हो पाते हैं। अखिलेश यादव के करीबी बताये जाने वाले सपा से निष्कासित विधानपरिषद सदस्य सुनील यादव ‘साजन’ ने बताया कि रथ यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। साजन ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान प्रत्येक दो किलोमीटर पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा और वह विभिन्न स्थानों पर जनता को सम्बोधित भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के काफिले में पांच हजार से ज्यादा वाहन शामिल होंगे। इस दौरान यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि अखिलेश ही सपा का चेहरा हैं। लखनऊ से उन्नाव के बीच अखिलेश की रथ यात्रा के 60 किलोमीटर से ज्यादा लम्बे रास्ते पर दोनों ओर बैनर और पोस्टर लगे हुए हैं। अखिलेश और शिवपाल की आपसी तल्खी जगजाहिर होने के बीच एक होर्डिंग में लिखा गया है- ‘शिवपाल कहें दिल से, अखिलेश का अभिषेक फिर से.’ वहीं, अनेक होर्डिंग और बैनर पर अखिलेश सरकार के कार्यों की तारीफ की गयी है।

अखिलेश की रथ यात्रा के साथ-साथ सपा पांच नवम्बर को पार्टी के स्थापना की 25वीं सालगिरह मनाने की तैयारियों में भी जुटी है। उसकी कोशिश अपने मंच पर समाजवादियों और चौधरी चरणसिंहवादियों की जमात इकट्ठा करके व्यापक संदेश देने की है। इसके लिये सपा मुखिया मुलायम और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल ने पिछले सप्ताह जनता दल यूनाइटेड के नेता के. सी. त्यागी और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजित सिंह से मुलाकात करके उन्हें सपा के रजत जयन्ती कार्यक्रम का न्यौता दिया था। इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे शिवपाल ने बताया कि कार्यक्रम में जनता दल सेक्युलर के मुखिया पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा, रालोद प्रमुख अजित सिंह तथा राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव शामिल होंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत