वाराणसी: उत्तर प्रदेश की जनता से समझदारी से वोट देने की अपील करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को वोट कटवा की संज्ञा दी और कहा कि वह 2017 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत को रोकने के लिए वोटों के विभाजन का प्रयास करेंगे।
शाह ने दावा किया कि नीतीश कुमार एक बार फिर वोटों का विभाजन कर और भाजपा को जीतने से रोकने का प्रयास कर सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी को सरकार बनाने में मदद करने के लिए प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वह पटना नहीं संभाल पा रहे, जहां अपराध हो रहे हैं तो उत्तर प्रदेश में वह क्या करेंगे।
शाह ने कहा, नीतीश भी जानते हैं कि वे विधानसभा चुनावों में एक सीट भी नहीं जीत सकते लेकिन वे उत्तर प्रदेश में प्रचार कर रहे हैं। उनके जैसे लोग यहां वोट कटवा की तरह काम कर रहे हैं।
राजग में सहयोगी अपना दल के संस्थापक दिवंगत सोने लाल पटेल की 67वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जन स्वाभिमान रैली में शाह ने कहा, मैं उत्तर प्रदेश की जनता से अपील करता हूं कि वोट डालते समय सतर्क रहें क्योंकि ऐसे लोग केवल वोट बांटना चाहते हैं।