1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अमित शाह ने दोबारा संभाली BJP अध्यक्ष पद की कमान

अमित शाह ने दोबारा संभाली BJP अध्यक्ष पद की कमान

 Written By: IANS
 Published : Jan 24, 2016 02:26 pm IST,  Updated : Jan 24, 2016 05:42 pm IST

अमित शाह रविवार को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष निर्वाचित हो गए। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया रविवार को ही शुरू हुई थी।

amit shah- India TV Hindi
amit shah

नई दिल्ली: अमित शाह रविवार को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष निर्वाचित हो गए। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया रविवार को ही शुरू हुई थी। उन्होंने रविवार को इसके लिए अपना नामांकन किया। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के लगभग 20 नेताओं ने उनका नाम प्रस्तावित किया था।

इस पद के लिए शाह के अलावा किसी और ने नामांकन नहीं किया था। भाजपा अध्यक्ष के रूप में उनका नया कार्यकाल तीन साल का होगा। मोदी के करीबी 51 वर्षीय शाह ने मई 2014 में पार्टी अध्यक्ष के तौर पर कामकाज संभाला था जब राजनाथ सिंह अध्यक्ष पद छोड़कर सरकार में शामिल हो गए थे। शाह को मोदी का काफी करीबी माना जाता है।

पार्टी के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इनके कार्यकाल के दौरान भाजपा की सदस्यता 11 करोड़ को पार कर गई। महाराष्ट्र और हरियाणा में पार्टी प्रमुख ताकत बनकर उभरी और दोनों राज्यों में पार्टी सत्ता में आई। उनके नेतृत्व में ही पार्टी ने झारखंड और जम्मू कश्मीर में जीत दर्ज की। हालांकि दिल्ली और बिहार में पार्टी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।

'अमित शाह भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे'

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष के रूप में अमित शाह के दोबारा निर्वाचन के बाद उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि शाह पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। सिंह ने ट्वीट कर कहा, "भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में शाह के दोबारा निर्वाचन पर उन्हें हार्दिक बधाई। वह पार्टी के सफलतम अध्यक्ष रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी विकास के पथ पर अग्रसर होगी और नई ऊंचाइयों और उपलब्धियों को हासिल करेगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।