नई दिल्ली: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दो दिन की यात्रा पर बिहार जायेंगे। इस दौरान वह 21 जून को पटना में योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। बिहार में निकट भविष्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
पार्टी ने यहां एक बयान में बताया कि शाह विधानसभा चुनाव के लिए राजग की रणनीति को दुरूस्त करने के लिए प्रदेश भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे। चुनाव में राजग का राजद-जदयू गठबंधन से मुकाबला होगा जिसकी अगुवाई मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राजद प्रमुख लालू प्रसाद कर रहे हैं।
बिहार भाजपा को पार्टी नेतृत्व ने 21 जून को राज्यभर में योग कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है। केंद्र की मोदी सरकार सरकार 21 जून को देशभर में व्यापक तरीके से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने जा रही है।
संयुक्त राष्ट्र ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्ताव के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। पार्टी ने इसे अपनी सरकार की एक बड़ी सफलता के रूप प्रचारित किया है ।