1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'आप' के राज्यसभा टिकट पर घमासान, दिल्ली के राजघाट पहुंचे कपिल मिश्रा

'आप' के राज्यसभा टिकट पर घमासान, दिल्ली के राजघाट पहुंचे कपिल मिश्रा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 04, 2018 10:19 am IST,  Updated : Jan 04, 2018 01:50 pm IST

"आंदोलन की हत्या की गई, शव विश्वास का नहीं 'आप' का गिरा है। साबित हो गया कि केजरीवाल बिकाऊ भी हैं और खाऊ भी। केजरीवाल की तानाशाही को चुनौती मिलनी चाहिए।"

Arvind-Kejriwal-sold-Rajya-Sabha-tickets-alleges-Kapil-Mishra- India TV Hindi
'आप' के राज्यसभा टिकट पर घमासान, दिल्ली के राजघाट पहुंचे कपिल मिश्रा

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी में राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों के ऐलान के बाद घमासान मच गया है। एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता को राज्यसभा टिकट देने के खिलाफ आप के विधायक दिल्ली में राजघाट पर अनशन पर बैठ गए  हैं। अनशन से पहले कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर जमकर आरोप लगाए और कहा कि केजरीवाल ने पैसे लेकर टिकट बेचा है। कपिल मिश्रा ने कहा कि राज्यसभा का टिकट आंदोलन से जुड़े लोगों को मिलना चाहिए था लेकिन केजरीवाल ने पैसे वाले लोगों को टिकट दे दिया। आंदोलन की हत्या की गई, शव विश्वास का नहीं 'आप' का गिरा है। साबित हो गया कि केजरीवाल बिकाऊ भी हैं और खाऊ भी। केजरीवाल की तानाशाही को चुनौती मिलनी चाहिए।

वहीं आप नेता कुमार विश्वास ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुये कहा कि उन्हें सच बोलने की सजा दी जा रही है। राज्यसभा सीट के लिये आस लगाये बैठे विश्वास ने कहा कि अगर कोई केजरीवाल से असहमत है तो उसके लिये आम आदमी पार्टी में रह पाना मुश्किल है। आम आदमी पार्टी ने आज संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एन डी गुप्ता को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है। इसी के बाद विश्वास की यह टिप्पणी आयी है।

सिंह जहां पार्टी में इसकी शुरुआत से ही जुड़े रहे हैं वहीं सुशील गुप्ता दिल्ली स्थित एक कारोबारी हैं जबकि एन डी गुप्ता पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। विश्वास ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिछले डेढ़ साल में, मैंने सच बोला फिर चाहे वह अरविंद केजरीवाल का फैसला हो या सर्जिकल स्ट्राइक, टिकट वितरण में अनियमितता, पंजाब में चरमपंथियों के प्रति नरमी अथवा जेएनयू घटना जैसे मुद्दे हों। सच बोलने की सजा के तौर पर मुझे इसका इनाम दिया गया।’’

विश्वास ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह एक सच्चे क्रांतिकारी, कवि और दोस्त की नैतिक जीत है।’’ एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने के लिये केजरीवाल पर निशाना साधते हुये विश्वास ने कहा कि वह आप कार्यकर्ताओं को मुबारकबाद देना चाहेंगे कि ‘‘महान क्रांतिकारियों’’ को चुनने में उनकी आवाज को सुना गया। आप नेता ने यह भी आरोप लगाया कि करीब डेढ़ साल पहले पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में केजरीवाल ने मुस्कुराते हुये कहा था, ‘‘हम तुमको खत्म कर देंगे, लेकिन हम तुमको शहीद नहीं होने देंगे।’’

आप नेता ने कहा, ‘‘मैं मुबारकबाद (केजरीवाल को) देना चाहूंगा कि मैंने अपनी शहादत स्वीकार कर ली।’’ दिल्ली की तीन राज्यसभा सीटों के लिये 16 जनवरी को चुनाव होंगे। 70 सदस्यों वाली दिल्ली विधानसभा में प्रचंड बहुमत रखने वाली आप का तीनों सीटों पर जीतना तय है। तीनों राज्यसभा सीटों के लिये नामांकन भरने की आखिरी तारीख पांच जनवरी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत