पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रमुख लालू प्रसाद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए उन्हें 'झूठा' करार दिया और कहा कि उन्होंने बिहार के लिए 'फैकेज' का वादा किया था ना कि 'पैकेज' का। सूचना के अधिकार (RTI) के तहत पूछे गए एक प्रश्न के जबाव में यह खुलासा हुआ है कि मोदी ने अक्टूबर 2015 के विधानसभा चुनावों के दौरान बिहार को 1.25 लाख करोड़ रुपये का पैकेज देने का वादा किया था, जिसके मिलने का आज भी इंतजार हो रहा है।
देश-विदेश की खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें
बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल-युनाइटेड और कांग्रेस ने इस खुलासे से मिली जानकारी के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली केंद्र सरकार और राज्य में विपक्षी दल भाजपा पर निशाना साधा। महागठबंधन के नेताओं का कहना है कि यह एक बड़ा सवाल है कि मोदी और भाजपा पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा चुनाओं के दौरान 'धुंआधार' वादे कर रहे हैं। इसको वे कितना पूरा करेंगे, इस पर सवालिया निशान है।
मुंबई के RTI कार्यकर्ता अनिल गलगली ने दिसंबर 2016 में केंद्रीय वित्त मंत्रालय से मोदी द्वारा विभिन्न राज्यों को दिए गए वित्तीय सहायता या डेवलपमेंट पैकेज के आश्वासन के बारे में जानकारी मांगी थी। उन्होंने यह भी पूछा कि जो आश्वासन दिए गए थे, उनमें से अभी तक कितना पूरा किया गया है। हालांकि, वित्त मंत्रालय के उप निदेशक आनंद परमार ने इस आरटीआई का सीधा उत्तर देने की बजाए गोलमोल जवाब देकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की।
गलगली ने कहा, "18 अगस्त 2015 को प्रधानमंत्री ने बिहार के लिए 1,25,003 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की थी। लेकिन, परमार के संक्षिप्त उत्तर में कहा गया है कि 'परियोजनाओं/कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा', हालांकि आज तक कोई पैसा जारी नहीं किया गया है।"
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अभी तक इस मामले पर कुछ कहा नहीं है, लेकिन लालू ने अपनी अनोखी शैली में मोदी को यह सलाह दी कि प्रधानमंत्री के शीर्ष संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह 'झूठ नही बोलना चाहिए।'
लालू ने मोदी की तस्वीर के साथ एक ट्वीट साझा किया, "झूठा, एक फैकेज का सरदार, उन्होंने पैकेज की नहीं बल्कि फैकेज की घोषणा की थी। पैकेज..पैकेज-फैकेज।" एक अन्य ट्वीट में लालू ने कहा, "ये प्रधानमंत्री सत्यमेव जयते का जाप करते हैं, इनको तो झूठ नहीं बोलना चाहिए। इनकी बातों पर यकीन करना खुदकुशी करने के समान है।"
लालू ने यह भी कहा कि मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी को क्योटो बनाने का वादा किया था, लेकिन लगभग तीन साल बाद उनकी कलई खुल गई है और यह साबित हुआ है कि उनके कहे शब्द और वादे केवल 'झूठ का पुलिंदा' है। उन्होंने कहा, "अब प्रधानमंत्री मोदी को लोगों को बताना चाहिए कि वे अपने अधूरे वादों और झूठ का प्रायश्चित कैसे करेंगे; चुल्लू भर पानी में, या फिर गंगा मैया में या फिर समुंदर में।"
जेडीयू के वरिष्ठ नेता और पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि यह हमारी बात को साबित करता है कि मोदी द्वारा घोषित विशेष पैकेज केवल 'जुमला' है और कुछ नहीं है। कुमार ने कहा, "मोदी ने लोगों को मूर्ख बनाने के लिए केवल एक जुमला कहा था।"