पटना: आगामी सितंबर-अक्टूबर में संभावित बिहार विधानसभा चुनाव में JDU-RJD-कांग्रेस के धर्मनिरपेक्ष महागठबंधन को मजबूती प्रदान करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस महागठबंधन के स्वाभिमान रैली में शामिल होने के लिए आज पटना पहुंचेंगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि सोनिया जी के स्वाभिमान रैली में भाग लेने को लेकर हमें कार्यक्रम प्राप्त हुए हैं।
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित स्वाभिमान रैली में सोनिया, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू प्रसाद के साथ मंच साझा करेंगी।
चौधरी ने बताया कि इस रैली में सोनिया के अलावा राज्यसभा में प्रतिपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और पार्टी महासचिव तथा बिहार प्रभारी सी.पी. जोशी भी भाग लेंगे।
इस रैली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की अनुपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा कि वे आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के समय चुनाव प्रचार के लिए यहां आएंगे और उस समय रोड शो भी करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी से जब पूछा गया कि क्या राहुल गांधी चारा घोटाले में आरोपी रहे लालू प्रसाद के साथ मंच साझा नहीं करना चाहते हैं और इस कारण रैली में नहीं आ रहे हैं तो उन्होंने कहा कि कौन कहां जाएंगे, इसबारे में निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस अध्यक्ष स्वयं यहां आ रही हैं तो ऐसे में और कौन आ रहे हैं या नहीं, इस बारे में पूछने का कोई औचित्य नहीं बनता। इस रैली में डेढ़ से दो लाख कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के भाग लेने का दावा करते हुए चौधरी ने कहा कि यह रैली अभूतपूर्व साबित होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बिहार के लिए सवा लाख करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा कर इस प्रदेश के सम्मान की बोली लगाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की पिछली कांग्रेस नीत यूपीए सरकार ने बिहार को दो लाख करोड़ रुपये दिए पर कभी उसका भाजपा की तरह प्रचार नहीं किया।
सपा भाग लेगी स्वाभिमान रैली में
पटना के गांधी मैदान में आयोजित स्वाभिमान रैली में मुलायम सिंह यादव की समाजवादी पार्टी (सपा) भाग लेगी। सपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह यादव ने बताया कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद से फोन पर हुई बातचीत के बाद उनकी पार्टी ने इस रैली में भाग लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इस रैली में मुलायम सिंह यादव जी भाग नहीं लेंगे बल्कि इसमें भाग लेने के लिए वह अपने भाई शिवापाल सिंह यादव और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा को भेज रहे हैं।