1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राफेल विवाद: वाड्रा बोले- 4 साल से मेरे पीछे पड़ी है BJP, जब भी फंसती है तो मेरा नाम उछालती है

राफेल विवाद: वाड्रा बोले- 4 साल से मेरे पीछे पड़ी है BJP, जब भी फंसती है तो मेरा नाम उछालती है

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Sep 26, 2018 05:46 pm IST,  Updated : Sep 26, 2018 05:46 pm IST

गौरतलब है कि भाजपा ने आरोप लगाया है कि संप्रग सरकार वाड्रा के मित्र संजय भंडारी की कंपनी को बिचौलिए के तौर पर इस्‍तेमाल करना चाहती थी और जब यह नहीं हो सका तो कांग्रेस इस सौदे को खत्‍म करा कर बदला लेना चाहती है।

Robert Vadra- India TV Hindi
Robert Vadra

नई दिल्ली: राफेल मामले में भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने बुधवार को सरकार पर "राजनीतिक विद्वेष से मेरे पीछे पड़ने'' का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा जब भी फंसती है तो उनका नाम लेती है।

वाड्रा ने एक बयान में कहा, ''शुरुआत में मुझे हैरानी होती थी लेकिन अब यह पूरा तमाशा बन गया है कि भाजपा जब भी फंसती है तो मेरा नाम उछालने लगती है। चाहे वह रुपये में गिरावट हो, चाहे पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतें हों या फिर हाल ही में राफेल पर देश को बेचने को लेकर उनके बेनकाब होने का मामला हो। हर बार उन्होंने मेरा नाम लिया।''

उन्होंने कहा, ''उनके पास सारी एजेंसियां हैं...मौजूदा सरकार और भाजपा से बेहतर कोई नहीं जानता कि वे पिछले चार साल से राजनीतिक विद्वेष से मेरे पीछे पड़ी है।'' वाड्रा ने कहा, ''झूठ के पुलिंदे की आड़ में छिपने की बजाय उनको 56 इंच छाती के साथ साहस दिखाना चाहिए और देश को राफेल के बारे में सच बताना चाहिए। लोग एक ही बात सुन-सुन कर तंग आ चुके हैं।''

गौरतलब है कि भाजपा ने आरोप लगाया है कि संप्रग सरकार वाड्रा के मित्र संजय भंडारी की कंपनी को बिचौलिए के तौर पर इस्‍तेमाल करना चाहती थी और जब यह नहीं हो सका तो कांग्रेस इस सौदे को खत्‍म करा कर बदला लेना चाहती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत