1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. BJP का नया अध्यक्ष फरवरी तक चुने जाने की संभावना

BJP का नया अध्यक्ष फरवरी तक चुने जाने की संभावना

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 17, 2019 08:00 pm IST,  Updated : Dec 17, 2019 08:00 pm IST

संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने एवं कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव होने के बाद अगले साल फरवरी में भाजपा के नए अध्यक्ष के कार्यभार संभालने की उम्मीद है।

BJP- India TV Hindi
BJP

नई दिल्ली: संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने एवं कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव होने के बाद अगले साल फरवरी में भाजपा के नए अध्यक्ष के कार्यभार संभालने की उम्मीद है। अभी अमित शाह गृह मंत्री और पार्टी अध्यक्ष दोनों दायित्व संभाल रहे हैं जबकि जे पी नड्डा भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कई राज्यों में पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव 15 जनवरी से शुरू होगा, जब ‘उत्तरायन’ प्रारंभ हो रहा है और हिन्दू रीति में इसे पवित्र माना जाता है।

उन्होंने बताया कि बिहार, राजस्थान और कर्नाटक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों के बदले जाने की संभावना नहीं है क्योंकि इनकी हाल ही में नियुक्ति हुई है। उन्होंने संकेत दिया कि नए प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव सर्वसम्मति से होगा, जैसा पार्टी में चलन रहा है। भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक फरवरी के उतरार्द्ध में होने की संभावना है। उस समय या तो राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हो जायेगा या पार्टी के संसदीय बोर्ड द्वारा नामित होने पर उनका अनुमोदन होगा।

भाजपा संविधान के मुताबिक, 50 प्रतिशत राज्यों का चुनाव संपन्न होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। अध्यक्ष का चुनाव एक निर्वाचक मंडल करता है जिसमें जिला इकाइयों द्वारा निर्वाचित सदस्य, सभी विधायकों द्वारा अपने में से चुने गए 10 प्रतिशत सदस्य, प्रदेश से राष्ट्रीय परिषद में उक्त राज्य में लोकसभा सदस्य के बराबर निर्वाचित सदस्य तथा पार्टी सांसदों द्वारा अपने में से चुने गए 10 प्रतिशत सदस्य शामिल हैं।

गौरतलब है कि अमित शाह की 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद मोदी सरकार में उनके गृह मंत्री का दायित्व संभालने के कारण पार्टी के नए अध्यक्ष की कवायद शुरू हुई। इस दौरान अमित शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हुए हैं जबकि जे पी नड्डा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत