जयपुर: राजस्थान के बांसवाडा जिले में भाजपा विधायक धन सिंह रावत के पुत्र द्वारा एक व्यक्ति के साथ की गई मारपीट का एक वीडियो लगभग एक माह बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो में एक भीड़भाड़ वाली सड़क पर रावत के पुत्र राजवीर की गाडी़ को कार चालक ने ओवरटेक करने के लिये कथित रूप से साइड नहीं देने पर कार चालक को कार से बाहर खींचते हुए और उसके साथ मारपीट करते दिखाया गया है। बांसवाडा के पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत ने बताया कि पीडि़त की ओर से पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। इस मामले में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
हालांकि, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। राजे ने कहा कि वह इस मामले को देखेंगी, तो वहीं गृहमंत्री कटारिया ने कहा कि न्याय के लिये किसी वीआईपी को नहीं बख्शा जायेगा। इस मामले की पहले जांच करवायेंगे। इस बीच विधायक धन सिंह रावत ने कहा कि यह एक छोटा सा मामला है।बच्चे आपस में सुलझा लेंगे।