नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राम प्रसाद शर्मा बुधवार को अरविंद केजरीवाल सरकार की सम-विषम योजना के विरोध में घोड़े पर सवार होकर संसद पहुंचे। वहीं, दिल्ली के उत्तर पूर्व सीट से भाजपा सांसद मनोज तिवारी आज साइकिल से संसद पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली में लागू सम-विषम योजना का समर्थन करने के लिए साइकिल से आए हैं।
असम के सोनितपुर जिला से भाजपा सांसद रामप्रसाद शर्मा जिस घोड़े पर बैठकर संसद परिसर में दाखिल हुए उस पर उन्होंने एक तख्ती भी टांगी हुई थी। इस पर लिखा था ‘पॉल्यूशन फ्री व्हीकल’। पेशे से वकील रामप्रसाद शर्मा अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले वह धूम्रपान से कैंसर के मुद्दे पर अपनी राय के चलते चर्चा में आये थे। उन्होंने इस संबंध में साक्ष्यों के आधार पर बहस की जरूरत बताई थी।
दिल्ली सरकार ने बुधवार को सांसदों के लिए उपलब्ध कराई गई ‘एमपी स्पेशल’ बसों को हटा लिया। ये बसें सोमवार से सांसदों के संसद पहुंचने के लिए उपलब्ध कराई गई थी। लेकिन गिनती के सांसदों की इन बसों का उपयोग किया। पहले दिन छह बसें उपलब्ध कराई गई थी। मंगलवार को इनमें से चार को हटा लिया गया और बुधवार को बाकी बची दो बसों को भी वापस ले लिया गया। सांसद ऑड ईवन से छूट की मांग कर रहे थे। लेकिन दिल्ली सरकार ने इससे इनकार कर दिया।