गुजरात में आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे की पेशकश के बाद बीजेपी संसदीय दल की बैठक में आज नए सीएम के नाम पर चर्चा होगी। गुजरात के नए सीएम की रेस में कैबिनेट में नंबर दो रहे स्वास्थ्य मंत्री नितिन पटेल का नाम सबसे आगे चल रहा है।गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष विजय रुपानी, केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष गनपत वासव के नाम भी चर्चा में हैं।
ग़ौरतलब है कि गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने जिस तरह से अचानक सीएम पद से इस्तीफा दिया है उससे सत्ता के गलियारे, ख़ासकर गुजरात में हड़कंप मचना लाज़मी है। दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने इस्तीफ़ा पार्टी आलाकमान को सौंपने के पहले सोमवार को फेसबुक पर इसका ऐलान किया। 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आनंदीबेन ने गुजरात की बागडोर संभाली थी लेकिन पिछले 2 साल उनके लिए बेहद मुश्किल भरे साबित हुए। पहले पाटीदार आरक्षण आंदोलन ने बतौर प्रसासक उनकी क्षमता पर सवालिया निशान लगाया तो हाल ही में दलितों पर अत्याचार ने रही सही कसर पूरी कर दी।
आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर हमले तेज कर दिए हैं। राहुल गांधी ने तो प्रधानमंत्री मोदी पर डायरेक्ट अटैक किया। ट्विट कर लिखा- गुजरात की खराब हालत के लिए आनंदी बेन का 2 साल का कार्यकाल नहीं, मोदी का 13 साल का शासन जिम्मेदार है। बलि के बकरे को कुर्बान करने से बीजेपी बच नहीं पाएगी।
बीजेपी पर हमला करने में कांग्रेस नेता शंकर सिंह वाघेला एक कदम और आगे निकल गए। कहा- मोदी और शाह ने मिलकर आनंदीबेन पटेल का पॉलिटिकल एनकाउंटर कर दिया।