नई दिल्ली: भाजपा ने आज दलित शोधार्थी के मुद्दे पर कांग्रेस पर घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाया और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए उनपर छात्रों का इस्तेमाल राजनीति औजार के रूप में करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी आज हैदराबाद विश्वविद्यालय में आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ एक दिन का अनशन कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान इस परिसर में दलित छात्रों के आत्महत्या के 9 मामले सामने आए लेकिन राहुल ने कभी वहां जाने की जहमत नहीं उठायी। उन्होंने विपक्ष से आत्महत्या के संबंध में गठित न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट आने तक इंतजार करने को कहा।
वेंकैया ने संवाददाताओं से कहा, ‘कांग्रेस घड़ियाली आंसू बहा रही है ताकि राजनीतिक फायदा उठाया जा सके। कांग्रेस और वामदल इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहे है और उनमें विश्वविद्यालय आने की होड़ लग गई है, वे भूल गए हैं कि संप्रग के शासनकाल में परिसर में ऐसी नौ घटनाएं घटीं। यह देश में मोदी विरोधी अभियान का हिस्सा है।’
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष का अनशन करना विपक्षी पार्टी की हताशा को प्रदर्शित करता है क्योंकि उनके नेता सोनिया और राहुल गांधी तथा अधिकांश कांग्रेसी मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि उनका अनशन राजनीतिक लाभ अर्जित करने का प्रयास करने का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ना और दूसरे के प्रदर्शन में जबरन घुसने का उनका चरित्र है।
अगली स्लाइड पर वीडियो में देखे रोहित वेमुला की शोकसभा में पहुंचे राहुल गांधी-