नई दिल्ली: पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी कैंपों पर सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री तथा आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व वित्तमंत्री पी चिदम्बरम द्वारा सवाल उठाने के लिए हमला बोला और कहा कि पाक मीडिया अरविंद केजरीवाल के दुर्भाग्यपूर्ण बयान का इस्तेमाल कर रहा है।
भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि मैं केजरीवाल जी से पूछना चाहता हूं कि क्या उन्हेंन सर्जिकल स्ट्राइक करने वाली सेना की असाधारण वीरता पर भरोसा है या नहीं? अगर ऐसा है तो फिर आप क्यों पाकिस्तान के फर्जी प्रॉपगैंडा के शिकार हो रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है, उन्हें समझना चाहिए कि राजनीति अपनी जगह है और देश अपनी जगह है। उन्होंने वीडियो में जो सवाल उठाए वो सेना पर उठाए गए हैं। इसके साथ ही रविशंकर प्रसाद ने पी चिदंबरम के बयान को लेकर सोनिया गांधी से पूछा है कि चिदंबरम का बयान कांग्रेस का बयान है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले कांग्रेस में सिर्फ दिग्विजय सिंह ही ऐसे नेता थे, जिनके बयानों को वह कभी गंभीरता से नहीं लेते थे, लेकिन अब पी चिदम्बरम भी उन्हीं जैसे नेताओं में शुमार हो गए हैं। बता दें कि चिदंबरम ने एक इंटरव्यू में कहा था कि कांग्रेस सरकार ने भी 2013 में सर्जिकल ऑपरेशन किया था लेकिन इसका प्रचार नहीं किया।