लखनऊ: बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि आगामी यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। वे राजधानी में आयोजित इंडिया टीवी कॉन्क्लेव के चुनाव मंच कार्यक्रम में सवालों के जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी और सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के बीच होगा।
अमित शाह ने कहा-"कांग्रेस कहीं भी फाइट में नहीं है। आप बाइनोकुलर लेकर भी कांग्रेस को नहीं ढूंढ पाएंगे। कांग्रेस इस चुनाव में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के वोट काटने का काम करेगी।"
वहीं जब अमित शाह से यह सवाल किया गया कि क्या प्रियंका वाड्रा की एंट्री से समीकरण में कुछ बदलाव आएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा- "यह तो कांग्रेस को फैसला करना है, लेकिन उनकी एंट्री से हमारे ऊपर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। कांग्रेस कहीं भी फाइट में नहीं है।"
अमित शाह से जब यह सवाल किया गया कि बीजेपी ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को अभी तक प्रोजेक्ट नहीं किया है, उन्होंने कहा-पार्टी ने अभी इस संबंध में फैसला नहीं किया है। हम उचित समय पर फैसला लेंगे। हमारे पास ऐसे दर्जनों नेता हैं जिनके अंदर मुख्यमंत्री का पद संभालने की क्षमता है।"
बीजेपी अध्यक्ष से जब यह पूछा गया कि कहीं हरियाणा और महाराष्ट्र की तरह यहां भी बिना उम्मीदवार को प्रोजेक्ट किए आप चुनाव मैदान में तो नहीं उतरनेवाले। अमित शाह ने कहा-" चुनाव रणनीति को सिर्फ झगड़े के चश्मे से देखना ठीक नहीं।"
वहीं बीएसपी सुप्रीमो मायावती के इस बयान पर कि यूपी चुनाव जीतने के लिए केंद्र सरकार कश्मीर में हिंसा करा सकती है या फिर पाकिस्तान के साथ युद्ध भी छेड़ सकती है, अमित शाह ने कहा-"कश्मीर राजनीतिक मुद्दा नहीं है और इसे मुद्दा भी नहीं बनाना चाहिए। सभी राजनीतिक दल कश्मीर के मुद्दे पर भारत सरकार के साथ हैं।"
उन्होंने आगे कहा-"लोकसभा में एक भी सदस्य नहीं होने की वजह से मायावती की पार्टी उस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं थी जिसे बातचीत के लिए कश्मीर भेजा गया था। मायावती को यह याद रखना चाहिए कि 2014 के लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई, जबकि चुनाव के दौरान एक भी गोली नहीं चली।"
प्रस्तावित राम मंदिर का अयोध्या में कब निर्माण होगा, इस सवाल के जवाब में अमित शाह ने कहा-"यह अदालत के फैसले पर निर्भर करता है। अगर दोनों पक्ष बाताचीत शुरू करने पर सहमत होते हैं तो निश्चित तौर पर सरकार उनकी मदद करेगी"