1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महाराष्ट्र: कांग्रेस नेता बोले लागू नहीं होने देंगे नागरिकता कानून, शिवसेना ने कही ये बात

महाराष्ट्र: कांग्रेस नेता बोले लागू नहीं होने देंगे नागरिकता कानून, शिवसेना ने कही ये बात

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 13, 2019 06:51 pm IST,  Updated : Dec 13, 2019 06:51 pm IST

कांग्रेस नेता नितिन राउत ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी नागरिकता संशोधित कानून (सीएबी) को राज्य में लागू नहीं होने देगी।

CAB NRC- India TV Hindi
प्रतिकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता नितिन राउत ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी नागरिकता संशोधित कानून (सीएबी) को राज्य में लागू नहीं होने देगी और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इस संवेदनशील मुद्दे पर पार्टी का समर्थन करेंगे। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें कांग्रेस और राकांपा गठबंधन के अन्य साझेदार हैं।

कांग्रेस नेता नितिन राउत ने पीटीआई-भाषा को फोन पर बताया, "कांग्रेस सीएबी के खिलाफ है और हम इसे महाराष्ट्र में लागू नहीं होने देंगे। मुझे लगता है कि उद्धव जी इस मामले में हमारा पूरा सहयोग करेंगे।"

इस बीच महाराष्ट्र के ही मंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई इस मुद्दे पर केन्द्रीय नेतृत्व के रुख पर आगे बढ़ेगी। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, "हम सीएबी की निंदा करते हैं, जो संविधान की भावना के विरुद्ध है। पार्टी की राज्य इकाई इस मुद्दे पर उसी रुख पर आगे बढ़ेगी, जो केन्द्रीय नेतृत्व तय करेगा।"

वहीं दूसरी तरफ जब इस बारे में महाराष्ट्र के गृह मंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे से सवाल किया गया तो उन्होंने कुछ भी साफ-साफ नहीं कहा। एकनाथ शिंदे ने कहा कि नागरिकता कानून पर सीएम फैसला करेंगे। सभी जातियों, धर्मों और भाषाओं को बोलने वाले इस राज्य में रहत हैं। सभी को ये लगना चाहिए कि ये उनकी सरकार है। उन्होंने ये भी दावा किया कि इस विषय को लेकर शिवसेना के ऊपर कोई प्रेशर नहीं है, न ही होगा। उद्धव ठाकरे सक्षम हैं, वो राज्य के हित में फैसला लेंगे।

(With inputs from भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत