इटारसी (मध्यप्रदेश): मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया इकाई के प्रमुख माणक अग्रवाल ने रविवार को एक विवादित बयान में कहा कि बलात्कार की ज्यादातर घटनाओं में भारतीय जनता पार्टी (BJP) एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के लोग लिप्त होते हैं।
Related Stories
अग्रवाल अपने गृहनगर इटारसी में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उन्होंने मध्यप्रदेश में बलात्कार की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘मुख्यमंत्री (शिवराज सिंह चौहान) अपनी तरफ से कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही हैं। आंकड़े उठाकर देखें तो भारतीय जनता पार्टी के लोग ज्यादा लिप्त हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आरएसएस के लोग शादी नहीं करते। ज्यादातर घटनाओं में आरएसएस के लोग लिप्त हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है। अभी एक कार्रवाई हुई है, इंदौर के अंदर। जो चार-पांच माह की लड़की के साथ बलात्कार हुआ था उसके आरोपी को फांसी की सजा सुनाई गई है। हम उसका स्वागत करते हैं।’’
माणक अग्रवाल की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देने के लिए संपर्क किए जाने पर मध्य क्षेत्र (मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़) के आरएसएस प्रमुख नरेन्द्र जैन ने कहा, ‘‘यह बयान टिप्पणी करने लायक नहीं है।’’