नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कांग्रेस में मंथन का दौर जारी है। खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के सर्वोच्च पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी, जिसके पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं ने सिरे से खारिज कर दिया। हालांकि विभिन्न प्रदेशों के प्रदेश अध्यक्ष जरूर अपनी जिम्मेदारी मानते हुए इस्तीफा दे रहे हैं।
Related Stories
अब महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफे की पेशकश की। महाराष्ट्र में इस बार कांग्रेस का एनसीपी से गठबंधन था, लेकिन फिर भी कांग्रेस का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। कांग्रेस महाराष्ट्र में महज एक सीट जीत सकी, जबकी उसकी सहयोगी एनसीपी ने चार सीटें जीतीं। महाराष्ट्र में इस बार एनडीए गठबंधन ने सूबे की 48 में से 41 सीटें झटक लीं।
आपको बता दें कि इससे पहले सोमवार को पंजाब की गुरदासपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार सनी देओल से सुनील जाखड़ ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पंजाब कांग्रेस प्रमुख के तौर पर अपना इस्तीफा भेजा। जाखड़ के एक सहयोगी ने कहा, ‘‘उन्होंने परिणाम घोषित होने के एक दिन बाद राहुल जी को अपना इस्तीफा भेज दिया था।’’
जाखड़ से पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजबब्बर भी इस्तीफा दे चुके हैं। यूपी में इस बार कांग्रेस ने बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया। न सिर्फ राजबब्बर चुनाव हार गए, बल्कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी अपनी परंपरागत सीट नहीं बचा सके। यूपी में इस बार कांग्रेस को रायबरेली लोकसभा सीट ही नसीब हुई।