1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस ने कहा, आमदनी दोगुनी करने का वादा किसानों को ठगने की कोशिश

कांग्रेस ने कहा, आमदनी दोगुनी करने का वादा किसानों को ठगने की कोशिश

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 17, 2018 06:17 pm IST,  Updated : Mar 17, 2018 06:17 pm IST

कांग्रेस ने मोदी सरकार के काल में कृषि क्षेत्र की विकास दर घटकर आधी हो जाने का आरोप लगाया और दावा किया कि...

Congress targets Modi government on farmers issues | PTI Photo- India TV Hindi
Congress targets Modi government on farmers issues | PTI Photo

नई दिल्ली: कांग्रेस  ने मोदी सरकार के काल में कृषि क्षेत्र की विकास दर घटकर आधी हो जाने का आरोप लगाया और दावा किया कि साल 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुना करने की बात एक बार फिर से किसानों को ठगने की कोशिश है। कांग्रेस के 84वें महाधिवेशन में कृषि, रोजगार और गरीबी उन्मूलन पर पेश प्रस्ताव में कहा गया, ‘किसानों से किये गए वादे पूरे करने में नाकाम रही बीजेपी सरकार अब वर्ष 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का खोखला दावा करके किसानों को फिर से ठगने की कोशिश कर रही है।’

कांग्रेस ने आरोप लगाया, ‘वर्तमान सरकार द्वारा शुरू की गई फसल बीमा योजना ने किसानों की बजाय निजी बीमा कम्पनियों को भारी फायदा पहुंचाया है। इसके जरिए बीमा प्रीमियम के नाम पर किसानों से बिना पूछे ही उनके बैंक खातों से जबरन पैसे काटे जा रहे हैं।’ पंजाब के मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अमरिंदर सिंह द्वारा पेश इस प्रस्ताव में कहा गया है, ‘बीजेपी का किसान विरोधी रवैया इसी बात से उजागर होता है कि NDA की पिछली और मौजूदा सरकारों में कृषि क्षेत्र की विकास दर मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार की तुलना में आधी रह गयी है।’

विपक्षी पार्टी ने BJP सरकार पर हर साल दो करोड़ रोजगार मुहैया कराने के वादे को पूरा करने में बुरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि बेरोजगारी की मौजूदा स्थिति चिंताजनक है। प्रस्ताव में कहा गया है, ‘स्किल इंडिया के तहत युवा प्रशिक्षण पाने वालों में से सिर्फ 10 प्रतिशत युवाओं को ही रोजगार मिल सका है। कांग्रेस पार्टी युवाओं को रोजगार के हिसाब से तैयार करने के लिए प्रशिक्षण और उद्योगों के बीच सामंजस्य बिठाने पर विशेष ध्यान देगी।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत