पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद यादव नोटबंदी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर से निशाना साधा है। उन्होंने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने देश को 'फुटबॉल' बनाकर रख दिया है। लालू यादव ट्विटर पर नोटबंदी के फैसले को लेकर केंद्र सरकार की लगातार खिंचाई कर रहे हैं।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट कर जहां मोदी पर निशाना साधा, वहीं उन्हें नसीहतें भी दी। लालू ने ट्वीट कर लिखा, ‘मोदी ने देश को फुटबॉल बना दिया है। वह एक तरफ किक मारते हैं, मंत्री दूसरी तरफ, तीसरा मंत्री किसी और तरफ, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) व वित्त विभाग की अपनी-अपनी किक।’
लालू ने प्रधानमंत्री को नसीहत देते हुए एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘धूल में लट्ठ मारना बंद करिए। आत्ममुग्धता एवं आत्मप्रसिद्घि के फ्रेम से बाहर निकलकर विवेकपूर्ण तरीके से देश को चलाएं। गरीब जनता को तबाह मत करिए।’
उल्लेखनीय है कि राज्य में सत्ताधरी महागठबंधन में शामिल RJD के नेता जहां नोटबंदी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अैर केंद्र सरकार पर लगातार हमला कर रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मुद्दे पर पीएम मोदी का समर्थन कर रहे हैं।