मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बड़ी घोषणा कर सकते हैं, देवेंद्र फडणवीस मंगलवार दोपहर 3.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं और ऐसी संभावना है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान देवेंद्र फडणवीस बड़ी घोषणा कर सकते हैं। बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा में विश्वासमत होना है और विश्वामत से पहले भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस क्या रणनीति अपनाएंगे, इसकी जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिल सकती है।
महाराष्ट्र को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार सुबह अपना फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में साफ कहा है कि महाराष्ट्र में 27 नवंबर शाम 5 बजे से पहले विधानसभा में विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी और उसके बाद फ्लोर टेस्ट किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में यह भी कहा है कि फ्लोर टेस्ट की लाइव कवरेज दिखानी होगी। आज मंगलवार को ही देश 70वां संविधान दिवस मना रहा है और संविधान दिवस के मौके पर सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने फ्लोर टेस्ट के लिए जल्द से जल्द प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति का भी आदेश दिया है और यह भी कहा है कि वोटिंग के दौरान कोई भी विधायक अपना मत गुप्त नहीं रख सकेगा, यानि विधायक का वोट किसे गया यह वोटिंग के समय ही पता चल जाएगा।