Friday, March 13, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. उत्तराखंड: त्रिवेंद्र सिंह रावत देंगे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा? धन सिंह रावत को देहरादून बुलाया गया

उत्तराखंड: त्रिवेंद्र सिंह रावत देंगे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा? धन सिंह रावत को देहरादून बुलाया गया

Reported by: Gonika Arora @AroraGonika Published : Mar 09, 2021 02:57 pm IST, Updated : Mar 09, 2021 03:44 pm IST

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से उत्तराखंड में जब ऑबजर्बर भेजे गए थे तो उन्होंने धन सिंह रावत के साथ मुलाकात की थी

भाजपा के केंद्रीय...- India TV Hindi
Image Source : TWITTER @DRDHANSINGHUK भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से उत्तराखंड में जब ऑबजर्बर भेजे गए थे तो उन्होंने धन सिंह रावत के साथ मुलाकात की थी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की कुर्सी जाना अब लगभग तय है। आज शाम 4 बजे त्रिवेंद्र सिंह रावत राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे। प्रदेश में नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा भी शुरू हो गई है। इंडिया टीवी को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार श्रीनगर गढ़वाल विधानसभा सीट से विधायक धन सिंह रावत का नाम नए मुख्यमंत्री के दावेदार के तौर पर सबसे आगे चल रहा है और सूत्रों से यह भी पता चला है कि उन्हें देहरादून बुलाया गया है और देहरादून पहुंचाने के लिए उन्हें हेलीकॉप्टर भेजा गया है। 

उत्तराखंड में पार्टी नेताओं, विधायकों और सांसदों का मन जानने के लिए भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय ऑबजर्बर जब देहरादून गए थे तो उन्होंने धन सिंह रावत के साथ भी मुलाकात की थी। धन सिंह रावत फिलहाल त्रिवेंद्र सरकार में सहकारिता मंत्री हैं। 

उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन की आशंकाओं के बीच आज मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत प्रेस वार्ता करने वाले हैं। कहा जा रहा है कि उनकी कुर्सी जानी तय है। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत राजभवन जा रहे हैं, 4 बजे त्रिवेंद्र सिंह रावत राज्यपाल से मिलने जा रहे हैं और 4.30 बजे वे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। ऐसा माना जा रहा है कि त्रिवेंद्र सिंह रावत राज्यपाल से मिलकर मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देने जा रहे हैं। 

उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को BJP अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की। इस मुलाकात से पहले रावत ने पार्टी के राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी के साथ बैठक की। नड्डा से लगभग 40 मिनट की मुलाकात के बाद रावत ने पत्रकारों के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया और दिल्ली स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गए। रावत की यह मुलाकात पिछले दो दिनों से उत्तराखंड में चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद हुई है जब भाजपा उपाध्यक्ष रमन सिंह और महासचिव व राज्य के प्रभारी दुष्यंत गौतम बिना किसी तय कार्यक्रम के देहरादून पहुंचे और राज्य के कोर समूह के नेताओं की बैठक की। भाजपा सांसद और उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता अजय भट्ट ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पार्टी में ‘‘सब कुछ ठीक है।’’

आपको बता दें कि त्रिवेंद्र सिंह रावत उत्तराखंड के नौवें मुख्यमंत्री हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली भारी सफलता के बाद पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य की कमान रावत को सौंपने का फैसला किया था। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 75 में से 57 सीटों पर अपना कब्जा जमाया था। रावत राज्य में भाजपा के पांचवें मुख्यमंत्री हैं। 

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement