1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दिग्विजय समर्थकों के निशाने पर सिंघार, मंत्री पर भाजपा को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया

दिग्विजय समर्थकों के निशाने पर सिंघार, मंत्री पर भाजपा को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 05, 2019 10:16 pm IST,  Updated : Sep 05, 2019 10:16 pm IST

प्रदेश के वन मंत्री उमंग सिंघार द्वारा पार्टी नेता दिग्विजय को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे गए पत्र से खफा दिग्विजय समर्थकों ने गुरुवार को मंत्री पर निशाना साधा और उन पर भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया।

Umang Singhar and Digvijay Singh- India TV Hindi
Umang Singhar and Digvijay Singh

भोपाल: मध्यप्रदेश में सत्तारुढ़ कांग्रेस के विभिन्न गुटों में पिछले कुछ दिनों से चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के वन मंत्री उमंग सिंघार द्वारा पार्टी नेता दिग्विजय को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे गए पत्र से खफा दिग्विजय समर्थकों ने गुरुवार को मंत्री पर निशाना साधा और उन पर भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। दिग्विजय के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने उमंग सिंघार को सुविधाभोगी शख्स बताया। 

अग्रवाल ने कहा, ‘‘उन्होंने कभी भाजपा के खिलाफ संघर्ष नहीं किया। इसके विपरीत अपनी हरकतों और कार्यो से साजिश करते हुए हमेशा भाजपा को फायदा पहुंचाया है।’’ इस सप्ताह की शुरुआत में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता स्वर्गीय जमुना देवी के भतीजे उमंग सिंघार ने दिग्विजय सिंह पर प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को ‘‘ब्लैकमेल’’ करने का आरोप लगाया था। इससे पहले पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे अपने पत्र में सिंघार ने यह भी दावा किया था दिग्विजय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को ‘‘अस्थिर’’ करने की कोशिश कर रहे हैं। 

दिग्विजय के करीबी अग्रवाल ने कहा, ‘‘मैं जमुना देवी का करीबी रहा हूं और सिंघार को भी करीब से देखा है। शिवराज सिंह के खिलाफ डम्पर की लड़ाई में भी उमंग ने सौदेबाजी कर अपनी जेब भरी और लड़ाई को कमजोर बनाया। भाजपा सरकार के समय विपक्ष के विधायक के रुप में उन्होंने भाजपा के खिलाफ कोई लड़ाई नहीं लड़ी और न ही विधानसभा में भाजपा सरकार के खिलाफ कभी अपना मुंह खोला।’’ उन्होंने कहा कि जमुना देवी के दिग्विजय सिंह के साथ मतभेद थे, लेकिन उन्होंने सार्वजनिक मंचों पर उनके खिलाफ कभी बात नहीं की। दूसरी ओर सिंघार गुरुवार को मीडिया से दूर ही रहे । इससे पहले बुधवार को, सिंघार ने मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलने और पार्टी के प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया से बात करने के बाद अपना रुख नरम कर लिया। 

सिंघार ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा था, ‘‘पार्टी मजबूत है। मैंने पार्टी के सामने अपने विचार रखे, सीएम के साथ बैठक की और बाबरिया जी से भी बात की। मेरे पास कहने के लिए और कुछ नहीं है।’’ कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया और भोपाल के बरखेड़ी क्षेत्र में सिंघार का पुतला जलाया। इन कार्यकर्ताओं ने दिग्विजय सिंह के पक्ष में नारे भी लगाए। दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘‘जिस ढंग से कमलनाथ सरकार में कारनामे हो रहे हैं, उससे प्रदेश का विकास व जनता का कल्याण रुक गया है। चारों तरफ केवल लूट मची है और एक-दूसरे को कौन कैसे मारे, इसी में सब लगे हैं। मेरे प्रदेश को भगवान बचाए,बस यही प्रार्थना करता हूं।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत