1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भूपेश बघेल ने कहा, ट्रंप की भारत यात्रा उनके चुनाव अभियान का हिस्सा

भूपेश बघेल ने कहा, ट्रंप की भारत यात्रा उनके चुनाव अभियान का हिस्सा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 23, 2020 06:37 am IST,  Updated : Feb 23, 2020 06:37 am IST

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा को उनके चुनाव अभियान का हिस्सा बताया है।

Donald Trump, Donald Trump Bhupesh Baghel, Donald Trump India visit- India TV Hindi
Trump's India visit is part of his election: Bhupesh Baghel | PTI File

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा को उनके चुनाव अभियान का हिस्सा बताया है। बघेल ने शनिवार को रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर ट्रंप की भारत यात्रा और अन्य विषयों पर अपने विचार रखे। बघेल 11 फरवरी से अमेरिका की यात्रा पर थे तथा शुक्रवार को दिल्ली लौटे हैं। बेंगलुरू में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद बघेल शनिवार को सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर पहुंचे और शाम को रायपुर पहुंचे।

‘मेरी अमेरिका यात्रा रही सफल’

अमेरिका यात्रा से लौटे बघेल से जब वहां के राष्ट्रपति ट्रंप की भारत यात्रा और उसकी तैयारियों को लेकर सवाल पूछा गया तब उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि ट्रंप चुनाव प्रचार के हिसाब से भारत आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘अमेरिका में भारतीय मूल के बहुत से लोग रहते हैं जिससे उनका वोट मिल जाए। अन्यथा चुनाव सामने है और इस बीच आने का मतलब ही क्या होता है।’ इससे पहले बघेल ने अपनी अमेरिका यात्रा को सफल बताया और कहा कि जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा।

‘धान खरीदी में बनाया रिकॉर्ड’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अमेरिका के उद्योगपतियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया है। धान की खरीद में कथित अनियमितताओं और खरीद के लिए अधिक समय की मांग को लेकर राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के आंदोलन को लेकर बघेल ने कहा कि बीजेपी किसानों के लिए नहीं बल्कि बिचौलियों के लिए आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में इस वर्ष धान खरीदी में रिकॉर्ड बनाया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत