इटानगर: निर्वाचन आयोग ने अरूणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले के हेयुलियांग विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में 19 नवंबर को निर्धारित उप चुनाव के लिए आज अधिसूचना जारी कर दी। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 2 नवंबर है, दस्तावेजों की जांच परख तीन नवंबर को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि पांच नवंबर तय की गई है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
राज्य मुख्य उप चुनाव अधिकारी डी जी भट्टाचार्य ने आज बताया कि मतगणना 22 नवंबर को होगी। इस साल नौ अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री कलिखो पुल ने आत्महत्या कर ली थी जिसके बाद से यह सीट रिक्त थी।
इस क्षेत्र में कुल 11,003 मतदाता हैं जिनमें से 5,508 महिलाएं हैं। यहां के 81 मतदान केंद्रों में से तीन किबिथो, अपहुम्ना और तफलागाम चीन के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित हैं।
मालोगाम मतदान केंद्र में केवल दो मतदाता हैं जबकि सर्वाधिक 955 मतदाता हेयुलियांग मतदान केंद्र में पंजीकृत हैं।