नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं के सितारे गर्दिश में चल रहे हैं। अब AAP के प्रवक्ता आशीष खेतान विवाद में फंस गए हैं। खेतान पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के खिलाफ पंजाब में FIR दर्ज की गई है।
खेतान ने पंजाब चुनाव से पहले अमृतसर में पार्टी के मैनिफेस्टो लॉन्च के लान्च के दौरान आप के चुनावी चिन्ह- झाड़ू के साथ गोल्डन टेंपल की तस्वीर इस्तेमाल की गई थी। उन्होंने आप पार्टी के युवा मैनिफेस्टो की तुलना सिखों के पवित्र ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब और गीता से की थी।
हालांकि बाद में खेतान ने यह कहते हुए माफी मांग ली थी कि उनका मकसद पवित्र ग्रंथ का निरादर करना नहीं था। लेकिन ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट्स फेडरेशन नामक एक समूह ने कहा था कि यह काफी नहीं है और वह इस बाबत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएंगे।
वहीं पार्टी ने इसे लेकर माफी मांगी है। पंजाब में आप नेता गुरप्रीत गुग्गी ने कहा कि ये भूल का मामला है और हम इसके लिए माफी मांगते हैं। ये सब अनजाने में हुआ।
दिल्ली में आप के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी लॉन्च के वक्त वहां मौजूद थे। इस मैनिफेस्टो विवाद के चलते उनकी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना भी हुई। ट्विटर पर #KejriinsultsGoldenTemple के हैशटैग के साथ कई ट्वीट किए गए।