1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भाजपा के पूर्व विधायक विजय जोली पर बलात्कार का मामला दर्ज

भाजपा के पूर्व विधायक विजय जोली पर बलात्कार का मामला दर्ज

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 23, 2017 01:21 pm IST,  Updated : Feb 23, 2017 01:21 pm IST

गुरूग्राम: दिल्ली के पूर्व भाजपा विधायक विजय जोली पर बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। उन पर एक महिला ने कथित तौर पर नशीले पदार्थ देकर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने

Vijay Jolly- India TV Hindi
Vijay Jolly

गुरूग्राम: दिल्ली के पूर्व भाजपा विधायक विजय जोली पर बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। उन पर एक महिला ने कथित तौर पर नशीले पदार्थ देकर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि दिल्ली की रहने वाली महिला द्वारा यहां महिला पुलिस थाने में 21 फरवरी को शिकायत दर्ज करवाने के बाद साकेत के पूर्व विधायक पर भादंवि की धारा 376, 328 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 10 फरवरी को गुड़गांव के आपणो घर रिसार्ट में जोली ने उसके पेय पदार्थ में कोई नशीली चीज मिला दी थी और उसके बाद दुष्कर्म किया।

विजय जोली वर्ष 2003 से 2008 तक विधायक थे। उन्होंने कहा कि महिला के खिलाफ उन्होंने 17 फरवरी को ब्लैकमेल करने और जबरन वसूली करने का मामला दर्ज करवाया था। जोली ने पीटीआई भाषा से कहा कि सभी आरोप मनगढत हैं और ये उन्हें बदनाम करने एवं उनकी राजनीतिक छवि को कलंकित करने के लिए लगाये गये हैं। उन्होंने कहा कि वह महिला भाजपा की महिला शाखा की सदस्य है और वह 10 फरवरी को उनसे अकेले रिसार्ट में मिली थी। वहां महिला ने उनसे जबरन पांच लाख रूपए वसूलने की कोशिश की और ऐसा न करने पर उनके खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज करवाने की धमकी भी दी थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जोली की शिकायत के आधार पर खिड़की दौला पुलिस थाने में महिला के खिलाफ भादंवि की धारा 384, 120 बी और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, महिला और उसके पति को जब पता चला कि मैंने उसके खिलाफ जबरन वसूली और धमकी देने की शिकायत दर्ज करवाई है तो उन्होंने पुलिस की जांच और कार्रवाई की दिशा को मोड़ने के लिए मेरे खिलाफ मनगढत आरोप लगाये। गुरूग्राम पुलिस आयुक्त संदीप खिरवार ने पीटीआई भाषा से कहा, हम मामलों की जांच कर रहे हैं और जोली एवं महिला की प्राथमिकियों और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों का गहन अध्ययन कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत