नई दिल्ली: सोनिया गांधी पर विवादित बयान देने मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को फटकार लगाई है। नरेंद्र मोदी की फटकार के बाद गिरिराज सिंह भावुक हो गए और रो पड़े। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मामले में गिरिराज सिंह से सफाई भी मांगी है।
हांलाकि गिरीराज ये मानने को तैयार ही नहीं हैं कि उन्हे फटकार लगाई गई है।
बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले ही दिन सोमवार को लोकसभा में आक्रामक कांग्रेस ने सोनिया गांधी पर अशोभनीय टिप्पणी का मामला उठाते हुए कड़ा विरोध जताया था, जिसके बाद गिरिराज सिंह को अपने बयान के लिए खेद प्रकट करना पड़ा था।
गिरिराज ने सदन में आकर और लिखित वक्तव्य पढ़कर अपनी विवादास्पद टिप्पणी के लिए खेद प्रकट किया था। गिरिराज ने कहा था कि अगर उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो वह उसके लिए खेद प्रकट करते हैं।
गौरतलब है कि गिरिराज सिंह ने हाल में कहा कि था अगर राजीव गांधी ने किसी नाइजीरियाई महिला से शादी की होती और अगर वह गोरे रंग की नहीं होतीं तो क्या कांग्रेस उनका नेतृत्व स्वीकार करती।