समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस राज्य में कमज़ोर हो गई थी क्योंकि उनके लोगों ने काम नगी किया लेकिन ''मैंने चुनावी गठबंधन करके कांग्रेस को संगठन मज़बूत करने का मौक़ा दिया है।''
अखिलेश ने ये बात एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ बातचीत में की जिसका वीडियो क्विंट वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।
इस सवाल पर कि सपा को को कम लेकिन कांग्रेस को उसकी ज़्यादा ज़रुरत थी, अखिलेश ने कहा, ''यूपी के बारे में ऐसा कहा जा सकता है....उनके लोगों ने काम नही किया इसलिए संगठन कमज़ोर हुआ लेकिन इस गठबंधन से उन्हें मौका मिला है जुड़कर काम करने का......ऐसे मौक़े राजनीति में हमेशा नही मिलते।''
सीटों के बंटवारे के बारे में अखिलेश ने कहा: ''वोटों का बिखराव न हो, इसलिए गठबंधन किया गया है। नयी पीढ़ी को जोड़ने के लिए....अगर कुछ ज़्यादा भी देना पड़े तो देना चाहिये......जिसका दिल बड़ा होता है उसके साथ बड़ी दोस्ती हो सकती है....कंजूसी से दोस्ती दूर तक नही चलती.....समाजवादियों ने दिखाया है कि उनका दिल बड़ा है इससे नुकसान भी होता हो तो हो जाए...वोटर्स में कंफ़्यूज़न खतम हो गया है...लोग चाहते हैं सपा कांग्रेस की सरकार बने।"
उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव 403 में से सपा ने कांग्रेस को 105 सीटें दी हैं। चुनाव प्रचार में अखिलेश और राहुल गांधी रोड शो कर रहे हैं।