डिजिटल इंडिया के ऑफ़िशियल हैंडल ने गुरुवार को एक कविता ट्वीट की जिसमें सेना द्वारा कश्मीरियों को मारने को बढ़ावा दिया गया है। ट्वीट में कविता का स्क्रीन शॉट भी था जिसका शीर्षक था “Heights of #Patriotism..!!!”। ये फ़ेसबुक से ली गई थी। बाद में ट्वीट हटा लिया गया और इसके लिए ज़िम्मेदार व्यक्ति को निलंबित भी कर दिया गया है।
डिजिटल इंडिया का प्रबंधन इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय देखता है और ट्विटर पर डिजिटल इंडिया के 5.34 लाख से ज़्यादा फॉलोअर हैं।
एक अंग्रेज़ी दैनिक में छपी ख़बर के मुताबिक़ ये कविता एक लोकप्रिय बॉलिवुड गाने की तर्ज़ पर लिखी गई है जिसमें सेना से तब तक गोली चलाना जारी रखने को कहा गया है जब तक कि लोग शहर के चौराहे पर आकर राष्ट्रीय गान नहीं गाते।
इस ट्वीट की जानकारी आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अंकित लाल ने दी। उन्होंने कविता का स्क्रीन शॉट ट्वीट किया था।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि ख़बर मिलते ही उन्होंने मामले रिपेर्ट मांगी और संबंधित व्यक्ति को निलंबित कर दिया। उन्होंने इस हरकत को शरारतपूर्ण बताते हुए कहा कि ये ट्वीट उनके मंत्रालय, डिजिटल इंडिया या फिर भारत सरकार के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करता। ''मुझे ट्वीट पर खेद है।''
नैशनल ई-गवर्नेंस डिवीज़न की CEO राधा चौहान ने कहा ऑफ़िशियल ट्वीटर हैंडल के प्रबंधन का काम ट्रायवोन नाम की एक संस्था को दिया गया है। वहां के व्यक्ति ने ग़लती से सरकारी हैडल से ये ट्वीट कर दिया. उसने लिखित में माफी भी मांगी है।