1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. आयकर विभाग ने लालू प्रसाद से महारैली पर हुए ख़र्चे का मांगा हिसाब किताब

आयकर विभाग ने लालू प्रसाद से महारैली पर हुए ख़र्चे का मांगा हिसाब किताब

 Written By: India TV News Desk
 Published : Sep 01, 2017 11:39 am IST,  Updated : Sep 01, 2017 11:39 am IST

आयकर विभाग ने आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से पटना के गांधी मैदान में गत रविवार हुई महारैली का हिसाब किताब मांगा है। आयकर विभाग ने इस बाबत RJD को नोटिस जारी किया है और इस विशाल रैली के आयोजन में हुए ख़र्चे पर स्पष्टीकरण मांगा है।

Lalu Prasad Yadav- India TV Hindi
Lalu Prasad Yadav

आयकर विभाग ने आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से पटना के गांधी मैदान में गत रविवार हुई महारैली का हिसाब किताब मांगा है। आयकर विभाग ने इस बाबत RJD को नोटिस जारी किया है और इस विशाल रैली के आयोजन में हुए ख़र्चे पर स्पष्टीकरण मांगा है।

आयकर विभाग के नोटिस में पूछा गया है कि रैली के लिए पैसा कहां से जुटाया गया। रविवार को लालू प्रसाद यादव ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 'देश बचाओ, बीजेपी भगाओ' रैली का आयोजन किया था जिसमें उन्होंने हाल तक महागठबंधन से साथी रहे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा था।

इस रैली में लालू यादव और उनके परिवार के अलावा शरद यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, गुलाम नबी आजाद, सीपीआई नेता डी राजा, कांग्रेस के हनुमंत राव, डीएमके के एलांगोवन, एनसीपी के तारिक अनवर ने हिस्सा लिया था। पार्टी के 80 विधायक, सात पार्षद और तीन सांसदों को रैली में हिस्सा लेने के लिए आरजेडी के  समर्थकों के रहने और खाने पीने का इंतजाम का ज़िम्मा सौंपा गया था।

कार्यकर्ताओं के रहने के लिए बड़े-बड़े शामियाने लगाए गए थे और खानेपीने का इंतज़ाम किया गया था। ग़ौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने लालू के छोटे बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से बेनामी संपत्ति के मामले में घंटों पूछताछ की थी। इसके अलावा आयकर विभाग ने मंगलवार को ही लालू की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से भी इसी मामले में पूछताछ की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत