नई दिल्लीः बिहार में लालू प्रसाद यादव का राष्ट्रीय जनता दल और नीतीश कुमार का जनता दल यूनाएटेड, एक साथ गठबंधन के तहत विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए जनता परिवार गठबंधन की रूपरेखा तैयार करने के लिए सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के आवास पर आयोजित बैठक के बीच ही जदयू नेता अजय आलोक ने कहा कि बिहार का अगला चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह एकदम साफ है कि चुनाव नीतीश के ही नेतृत्व में लड़ना है और कांग्रेस का भी यही विचार है।
इसी बीच जनता परिवार की एकता पर राजद से निष्कासित नेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि अबकी बार के बिहार चुनाव में लालू-नीतीश चुनावी मुद्दा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लालू पर बिहार की जनता भरोसा नहीं करती, उन्होंने किस को बेवकूफ नहीं बनाया है। बिहार की जनता उन्हें नहीं चाहती है।
यहां आयोजित जनता परिवार की बैठक के बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने बताया कि बिहार में विधानसभा चुनाव गठबंधन बनाकर लड़ा जाएगा। इसके लिए छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। जिसमें राजद और जदयू के आधे-आधे सदस्य होंगे। वहीं, सूत्रों के इस गठबंधन के नेता बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हो सकते हैं।
इससे पहले, जनता दल यूनाइटेड और कांग्रेस के बीच बिहार में चुनावी गठबंधन को लेकर बातचीत के लिए नीतीश कुमार ने आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।