नई दिल्ली: डॉक्टरों ने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) के बागी नेता कपिल मिश्रा की हालत स्थिर है। रविवार को मीडिया को संबोधित करते समय कपिल बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि दिल्ली सरकार में पूर्व जल संसाधन और पर्यटन मंत्री मिश्रा हल्की कमजोरी एवं पानी की कमी से पीड़ित हैं।
डॉक्टर ने कहा, ‘लेकिन वह होश में हैं और उनके सभी प्रमुख अंग सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।’ डॉक्टर ने कहा कि मिश्रा की हालत पर नजर रखी जा रही है और उन्हें अस्पताल के नर्सिंग होम में भेजा जा सकता है। 5 दिन से भूख हड़ताल कर रहे मिश्रा रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बेहोश हो गए। शनिवार देर रात अस्पताल की एक टीम ने मिश्रा के स्वास्थ्य की जांच की थी जिसमें उनके ब्लड शुगर का स्तर, नब्ज और ब्लड प्रेशर सामान्य पाए गए। डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की भी सलाह दी लेकिन मिश्रा ने अपनी भूख हड़ताल जारी रखी।
डॉक्टरों ने कहा कि मिश्रा मामूली डिहाइड्रेशन का शिकार हुए हैं क्योंकि पिछले कुछ दिनों से उन्होंने बिल्कुल भी नमक नहीं खाया और यह स्टार्वेशन केटोसिस की स्थिति है। मिश्रा ने अपनी पार्टी से 5 नेताओं की विदेश यात्राओं के ब्यौरे जारी करने की मांग को लेकर 10 मई को भूख हड़ताल शुरू की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और लोक निर्माण मंत्री सत्येंद्र जैन सहित पार्टी के कई नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए हैं।