इससे पहले भी बस्सी ने केजरीवाल की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि, 'उन्हें इस बात पर भरोसा नहीं होता कि कोई भी व्यक्ति इस प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल करेगा।'
बस्सी ने कहा, "मैं मानता हूं कि राज्य प्रशासन के सभी अंगों को एक दूसरे का सम्मान करना चाहिए। देश को हम तभी बना सकेंगे जब हम एक दूसरे के प्रति सम्मान रखेंगे। मैं इस बात को मानने से इंकार करता हूं कि माननीय मुख्यमंत्री ने इस प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल किया होगा।"
क्या है पूरा मामला:
उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई को समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस के जवान को 'ठुल्ला' कहकर संबोधित किया था।
केजरीवाल ने कहा था, "भ्रष्टाचार रोधी शाखा द्वारा भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया जा सकता है। लेकिन इन लोगों का कहना है कि आप दिल्ली पुलिस के जवानों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं कर सकते। अगर दिल्ली पुलिस का ठुल्ला सड़क किनारे रेहड़ी लगाने वालों से पैसे मांगे, तो क्या उसके खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाना चाहिए। यह स्वीकार्य नहीं है।"