जालंधर: आम अदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल के पंजाब में उद्योग व्यापार के लिए चुनावी घोषणापत्र जारी करने को भ्रमित करने वाला बताते हुए प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को उद्योग और व्यापार जगत के बारे में कोई जानकारी नहीं है और वह भ्रमित हैं तथा सूबे की आवाम को भी भ्रमित करना चाहते हैं।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
पंजाब प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष तथा राज्य के पूर्व उद्योग मंत्री अवतार हेनरी ने कहा, ‘केजरीवाल घूम घूम कर घोषणापत्र जारी कर रहे हैं लेकिन उन वादों को वह कैसे पूरा करेंगे इस बारे में कुछ नहीं कह रहे हैं। दरअसल, उन्हें पता है कि उनके पास कुछ नहीं है और इसलिए वह सियासी फायदा लेने के लिए बेसिर पैर का घोषणापत्र जारी कर रहे हैं जो पूरी तरह भ्रमित करने वाला है।’
हेनरी ने कहा, दो साल में उद्योग व्यापार जगत हो पटरी पर लाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन मैं केजरीवाल से पूछना चाहता हूं कि दो साल में उन्होंने दिल्ली में कितने नये उद्योग धंधे लगा दिये हैं। कितने उद्योगों को पुनरूद्धार किया है। दिल्ली में सरकार में रहते जब वह कुछ नहीं कर सके हैं तो क्या गांरटी है कि पंजाब में भी वह सब कुछ कर लेंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, दरअसल, केजरीवाल को उद्योग और व्यापार के बारे में कुछ नहीं पता है। इस संबंध में पूरी तरह वह भ्रमित हैं और राज्य में सरकार बनाने का भ्रम पाले केजरीवाल यहां की आवाम को भी भ्रमित करना चाहते हैं जिसमें वह कभी सफल नहीं होंगे। पूर्व उद्योग मंत्री ने कहा, मैं उन्हें भ्रमित इसलिए कह रहा हूं कि न जाने किसकी सलाह पर वह हर वक्त कुछ न कुछ बोल कर चर्चा में बने रहना चाहते हैं। वह कोई सार्थक बात नहीं करते हैं। वह उद्योग धंधों को बढावा देने का शोर करते हैं लेकिन उनकी मदद के बारे में कुछ नहीं बोलते हैं।
हेनरी ने कहा, मैं जब उद्योग मंत्री था तो हमने यह नियम बनाया था कि ट्रांसपोर्ट का किराया सरकार देगी लेकिन मौजूदा सरकार ने उसे खत्म कर दिया। केजरीवाल ट्रांसपोर्टरों को किराया देने के बारे में कुछ नहीं कह रहे हैं। वह जो भी वादे कर रहे है वे पूरी तरह गलत और झूठे है। पंजाब की जनता को उनके वादों पर कभी भरोसा नहीं करना चाहिए।
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री तथा आप संयोजक केजरीवाल ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सोमवार की रात यहां घोषणापत्र जारी करते हुए कहा था कि वह उनकी पार्टी की सरकार बनने पर व्यापार उद्योग तथा परिवहन क्षेत्र को भ्रष्टाचार मुक्त किया जाएगा।