नई दिल्ली: कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने लैंड बिल को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोला दिया है।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दुर्योधन और किसानों को पांडव बताते हुए कांग्रेस को कृष्ण कहकर लैंड बिल पर महाभारत का एलान कर दिया है।
जयराम रमेश ने महाभारत का जिक्र करते हुए कहा है कि जैसे दुर्योधन ने कृष्ण के समझाने के बाद भी पांडवों को जमीन नहीं दी थी उसी तरह मोदी भी विपक्ष के विरोध के बावजूद किसानों की जमीन का अधिग्रहण करना चाहते हैं।
एक तरफ जहाँ जयराम रमेश मोदी के खिलाफ महाभारत का ऐलान कर रहे हैं वहीं पीएम मोदी ने दिल्ली में राज्यों के पर्यावरण और वन मंत्रियों के सम्मेलन में विरोधियों पर लैंड बिल को लेकर झूठ का सहारा लेने का आरोप लगाया।
बीजेपी और विपक्ष के बीच चल रहे इस युद्ध में मुद्दा जमीन है और लक्ष्य है किसान इसलिए दोनों पार्टियां किसानों को रिझाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।
यही वजह है कि आज नितिन गडकरी बारिश से बर्बाद किसानों के जख्मों पर मरहम लगाने उत्तर प्रदेश में आगरा, अलीगढ़ मेरठ और हस्तिनापुर का दौरा करेंगे वहीं कांग्रेस भी 19 अप्रैल को होने वाली किसान रैली को लेकर तैयरियों में जुट गई है।
रैली की तैयारियों को लेकर सोमवार को सोनिया गांधी ने कांग्रेस महासचिवों के साथ बैठक भी की। इसी रैली से राहुल की रीएंट्री भी होगी ।