1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. शिवसेना-बीजेपी में खींचतान के बीच किसान ने कहा, मुझे बना दो महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री

शिवसेना-बीजेपी में खींचतान के बीच किसान ने कहा, मुझे बना दो महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 01, 2019 06:43 am IST,  Updated : Nov 01, 2019 06:43 am IST

महाराष्ट्र के बीड जिले का एक किसान सत्ता को लेकर भारतीय जनता पार्टी-शिवसेना के बीच मतभेद सुलझने और अगली सरकार का गठन होने तक राज्य का मुख्यमंत्री बनने का इच्छुक है।

Maharashtra Chief Minister, Devendra Fadnavis, Shiv Sena, Uddhav Thackeray- India TV Hindi
Maharashtra Chief Minister Devendra Fadnavis and Shiv Sena chief Uddhav Thackeray | PTI File

औरंगाबाद: महाराष्ट्र के बीड जिले का एक किसान सत्ता को लेकर भारतीय जनता पार्टी-शिवसेना के बीच मतभेद सुलझने और अगली सरकार का गठन होने तक राज्य का मुख्यमंत्री बनने का इच्छुक है। केज तालुका के वडमौली निवासी किसान श्रीकांत विष्णु गडाले ने बीड कलेक्टर कार्यालय को गुरुवार को पत्र लिखकर अपनी इच्छा जाहिर की। श्रीकांत ने अपने पत्र में लिखा, ‘शिवसेना और भाजपा 2019 विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से मुख्यमंत्री पद को लेकर उठे मुद्दे को अब तक नहीं सुलझा पाई हैं।’

श्रीकांत ने पत्र में आगे लिखा, प्राकृतिक आपदाओं (बेमौसम बरसात) ने राज्य में पकी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। किसान इन आपदाओं को लेकर परेशानी में हैं। इस वक्त जब किसान परेशान हैं, शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री पद के मुद्दे को सुलझा पाने में अक्षम हैं तो इसलिए मुद्दा सुलझने तक राज्यपाल को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मुझे दे देनी चाहिए।’ श्रीकांत ने लिखा, ‘मैं किसानों की समस्या सुलझाऊंगा और उन्हें न्याय दूंगा।’ किसान का यह पत्र इस समय महाराष्ट्र में खूब चर्चा बटोर रहा है।

इससे पहले महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था, 'बीजेपी-शिवसेना गठबंधन के पास स्‍पष्‍ट बहुमत है। इसके अलावा निर्दलीयों का समर्थन भी है, गठबंधन ने 288 में से 161 सीटें जीतकर जनादेश हासिल किया है। हम इस जनादेश का सम्‍मान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें नहीं लगता कि एक स्थिर सरकार बनाने में कोई बाधा है।’ उन्होंने भरोसा जताया था कि अहम मुद्दों पर जल्‍द ही स्थिति साफ हो जाएगी और सरकार बनाने में देरी नहीं होगी। हालांकि दोनों ही दलों के बीच सरकार के गठन को लेकर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत