1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महाराष्ट्र चुनाव से पहले कांग्रेस और NCP को लग सकता है झटका, कई विधायक भाजपा के संपर्क में

महाराष्ट्र चुनाव से पहले कांग्रेस और NCP को लग सकता है झटका, कई विधायक भाजपा के संपर्क में

 Reported By: PTI
 Published : Jun 08, 2019 06:35 pm IST,  Updated : Jun 08, 2019 06:35 pm IST

महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने शनिवार को दावा किया कि विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के 25 विधायक सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं।

congress- India TV Hindi
congress

मुंबई: महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने शनिवार को दावा किया कि विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के 25 विधायक सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं। महाजन ने कहा कि इस साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष को संभवत: बड़ा झटका लगने वाला है। प्रदेश में इस साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस और राकांपा के कम से कम 25 विधायक मेरे संपर्क में हैं। उनमें कुछ ने मुझसे व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात की है तो कुछ ने फोन पर बात की है या फिर उन्होंने अपने संपर्क सूत्र मेरे पास भेजे हैं और भाजपा में शामिल होने की इच्छा जताई है।’’

नासिक के अभिभावक मंत्री महाजन ने शुक्रवार को जलगांव जिले में भी इसी प्रकार का दावा किया था। महाजन ने कहा, ‘‘प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चह्वाण भी नहीं जानते कि जो लोग उनके आस पास हैं वह जल्दी ही पाला बदल सकते हैं। राजनीतिक परिस्थिति राज्य में पूरी तरह भाजपा के पक्ष में है।’’

महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव एवं उत्तर महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत का श्रेय महाजन को ही जाता है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विश्वस्त, महाजन ने कहा कि कांग्रेस और राकांपा एक साथ मिल कर भी राज्य विधानसभा की 50 से अधिक सीटें नहीं जीत सकते हैं।

उन्होंने उन आरोपों को खारिज कर दिया कि मुख्यमंत्री व्यक्तिगत तौर पर कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने के लिए उन्हें फोन कर रहे हैं। महाजन ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल को 17 जून से शुरू होने वाले राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से पहले भाजपा में शामिल कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने नौ जून को दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलायी है जिसमें फडणवीस और राज्य के अन्य वरिष्ठ नेता इसमें शिरकत करेंगे।

महाराष्ट्र में 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 122 सीट जीती थी जबकि सहयोगी शिव सेना ने 63 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस और राकांपा को इस चुनाव में 41-41 सीटों पर जीत हासिल करने में सफलता मिली थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत