लखनऊ: BSP सुप्रीमो मायावती आज कांशीराम की 10वीं पुण्यतिथि के मौके पर लखनऊ में महारैली कर शक्ति प्रदर्शन किया। बीएसपी का दावा है कि ये मायावती की अब तक की सबसे बड़ी रैली है। कांशीराम स्मारक के पास रैली का आयोजन किया जाएगा।
मायावती ने समाजवादी पार्टी और बीजेपी पर साधा निशाना है। साथ ही एसपी को गुंडों और बीजेपी को धन्ना सेठों की पार्टी बताया है। उन्होंने कहा कि, बसपा की सरकार बनने पर सपा सरकार के शासनकाल में गैर कानूनी कार्य करने वालों, शातिर गुंडों, बदमाशों, माफियाओं, अपराधियों, अराजक एवं सांप्रदायिक तत्वों, भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी शिकंजा कसकर जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि, उनको लखनऊ के दशहरा मेले में लाने के लिए भाजपा इसलिए मजबूर हुई ताकि धर्म की आड में अपनी पार्टी और सरकार की बातें रखी जा सकें। भाजपा को धर्म की राजनीति करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
बीएसपी का कहना है कि रैली में लोगों को लाने के लिए 18 ट्रेनें बुक कराई गई हैं। पार्टी नेताओं को कुल 20 लाख की भीड़ जुटाने का टारगेट दिया गया है।
पिछले दिनों कई बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ देने से बीएसपी का माहौल ख़राब हुआ था। मायावती इस शक्ति प्रदर्शन के ज़रिए ये बताना चाहती हैं कि उनके आने-जाने का पार्टी पर कोई असर नहीं हुआ है और वो पहले की तरह ही मज़बूत है।