Saturday, February 21, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अमित शाह के ‘कुत्ते-बिल्ली’ वाले बयान पर भड़कीं मायावती, दिया ऐसा जवाब

अमित शाह के ‘कुत्ते-बिल्ली’ वाले बयान पर भड़कीं मायावती, दिया ऐसा जवाब

Edited by: India TV News Desk Published : Apr 07, 2018 04:04 pm IST, Updated : Apr 07, 2018 04:04 pm IST

शाह ने कल विपक्ष की एकजुटता को लेकर हो रहे प्रयासों पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश में नरेन्द्र मोदी की जो बाढ़ आई है उसके डर से सांप, बिल्ली, नेवला, कुत्ते आदि सब मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं...

mayawati- India TV Hindi
mayawati

लखनऊ: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की कल मुम्बई में एक जनसभा के दौरान विपक्षी पार्टियों के खिलाफ की गई टिप्पणियों के लिए निंदा करते हुए बसपा प्रमुख मायावती ने आज कहा कि भाजपा जनता को मूर्ख समझने की भूल कर रही है, जबकि जनता लोकसभा चुनाव से पहले उसे बार-बार आगाह किए जा रही है।

गौरतलब है कि शाह ने कल विपक्ष की एकजुटता को लेकर हो रहे प्रयासों पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश में नरेन्द्र मोदी की जो बाढ़ आई है उसके डर से सांप, बिल्ली, नेवला, कुत्ते आदि सब मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।

शाह की टिप्पणी पर मायावती ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि इसी प्रकार की अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था, जिसके लिए जनता ने उन्हें करारा सबक सिखाया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अपनी आदत से मजबूर नजर आता है। जनता इसे नजरअन्दाज नहीं करेगी।

मायावती ने कहा कि शाह का बयान यह साबित करने के लिए काफी है कि गुरु (नरेन्द्र मोदी) और शिष्य (अमित शाह) के नेतृत्व में पार्टी का स्तर किस हद तक नीचे गिर गया है। आज जनता के सामने यह प्रश्न खड़ा हो गया है कि क्या ऐसी भाषा देश की सत्ताधारी पार्टी को शोभा देती है?

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनता के साथ विश्वासघात किए जाने के मामले एक के बाद एक कर सामने आ रहे हैं और मोदी सरकार इनका सामना करने की स्थिति में नहीं है। इसीलिए संसद को लगातार स्थगित करते रहने का अलोकतान्त्रिक तरीका अपनाया गया। इसी अफरातफरी के माहौल में संसद का वर्तमान सत्र कल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित भी हो गया। जनता अच्छी तरह से समझती है कि इसके लिए असली दोषी भाजपा और इसकी केन्द्र की सरकार ही है।

मायावती ने कहा कि संसद के दोनों सदनों में नरेन्द्र मोदी सरकार अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने को तैयार नहीं हुई जबकि लोकसभा में तो उसे बहुमत प्राप्त है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव राजग की घटक रही तेलुगु देशम पार्टी ने ही पेश किया था।

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement